Headlines

भजन क्लबिंग, ऑपरेशन सिंदूर और गगनयान… मेलबर्न में PM मोदी की बड़ी बातें; बोले- ‘आज का भारत- ग्रो मोर, अचीव मोर’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समय ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर हैं, जहां पर उन्होंने कई कार्यक्रम में हिस्सा लिया. ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न पहुंचे पीएम मोदी का लोगों ने भव्य स्वागत किया. मेलबर्न के स्टेडियम में पीएम मोदी को सुनने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ा. मार्वल स्टेडियम में 30,000 से अधिक लोग पहुंचे और मोदी-मोदी का नारा लगाया. इस उत्साह को देख कर ऑस्ट्रेलिया के पीएम एंथनी अल्बनीज भी हैरान रहे.

उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मेरे दोस्त पीएम मोदी का मेलबर्न में स्वागत है. उन्होंने कहा कि भारत के दौरे के दौरान मेरा भव्य स्वागत हुआ था. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया के सच्चे दोस्त हैं. भारत के अहमदाबाद में हुआ सम्मान भुलाया नहीं जा सकता. इसके बाद पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित किया.

‘ये शो हाउसफुल है, ब्लॉकबस्टर है….’

मेलबर्न के मार्वल स्टेडियम में भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं उस जमीन के पारंपरिक मालिकों को नमन करते हुए अपनी बात शुरू करना चाहता हूं जहां हम मिल रहे हैं और मैं उनके बुजुर्गों-चाहे वे पहले के हों, अभी के हों या आने वाली पीढ़ी के सभी का सम्मान करता हूं. यह कार्यक्रम पूरी तरह भरा हुआ है. यह ब्लॉकबस्टर है इससे पहले, मैं सिडनी में आप सभी से दो बार मिल चुका हूं. मैं मेलबर्न के लोगों से मिलने का भी इंतजर कर रहा था. इसलिए इस बार मैंने सोचा कि मैं मेलबर्न के लोगों के साथ ‘फ्लैट व्हाइट कॉफी’ पीऊंगा.

भारतीय समुदाय के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि मेलबर्न ने सचमुच सबका दिल जीत लिया है. मैं अपने दोस्त और भारत के दोस्त प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज का भी बहुत आभारी हूं. आप सिडनी में हमारे साथ थे और आज आप यहां मेलबर्न में भी भारतीय समुदाय के साथ शामिल हुए हैं; एक तरह से, यह सफर पूरा हो गया है. दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम वाले शहर अहमदाबाद से लेकर मशहूर स्टेडियम वाले शहर मेलबर्न तक हम दोनों जगहों पर साथ रहे हैं. हम सबने देखा है कि जब भी प्रधानमंत्री अल्बानीज़ बोलते हैं, तो वे भारतीयों का दिल और दिमाग जीत लेते हैं. आपने सिडनी में जबरदस्त छाप छोड़ी और यहां भी आपने सबका दिल जीत लिया है.

12 साल में पीएम मोदी का तीसरा ऑस्ट्रेलिया दौरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेलबर्न में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि जब मैंने 2014 में ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया था, तो 28 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री का वहां दौरा हुआ था और आपको याद होगा कि मैंने तब कहा था कि आपको अगले 28 साल तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा. पिछले 12 सालों में यह मेरा तीसरा दौरा है, यानी दौरों की हैट्रिक. यह दिखाता है कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के रिश्ते कितनी ऊंचाइयों पर पहुंच गए हैं और क्या आप जानते हैं कि इसमें सबसे बड़ी भूमिका किसने निभाई? यह मोदी नहीं थे; यह आप सभी थे.

पीएम मोदी ने ऑस्ट्रेलिया और भारत का बताया खास कनेक्शन

भारतीय समुदाय के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि कहा जाता है कि मेलबर्न शहर में एक ही दिन में चारों मौसमों की झलक मिल जाती है. लेकिन भारतीय समुदाय ने अपने सांस्कृतिक रंगों से इसे और भी जीवंत बना दिया है. यहां मेलबर्न और आस-पास के इलाकों में कई ऐसी जगहें और बाज़ार हैं जो भारतीयता की भावना से ओत-प्रोत हैं.

उन्होंने कहा कुछ लोग इन्हें ‘लिटिल इंडिया’ कहते हैं, तो कुछ ‘मिनी इंडिया’; नाम चाहे जो भी हो, ये भारतीय संस्कृति में रचे-बसे हैं. किसी ने मुझे ऐसे ही एक बाजार का वीडियो दिखाया. वीडियो में बताया गया था कि वहां लगातार सेल चलती रहती है. लोग इन सेल्स के उत्साह में पूरी तरह बह जाते हैं; भले ही किसी का खरीदारी करने का मन न हो, फिर भी वे कुछ न कुछ खरीद ही लेते हैं. ‘सेल के चक्कर में लोग घंचक्कर बन जाते हैं’.

भारत में भजन क्लबिंग का नया ट्रेंड 

पीएम मोदी ने मेलबर्न में भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आपने भारत में ‘भजन क्लबिंग’ के नए ट्रेंड के बारे में सुना होगा; इसे हमारी Gen Z (नई पीढ़ी) आगे बढ़ा रही है. यहां ऑस्ट्रेलिया में भी मैंने सुना है कि आपके वीकेंड आस्था और आध्यात्मिकता से भरे होते हैं. चाहे किसी के घर पर भगवान सत्यनारायण की कथा हो, गुरुद्वारे में अरदास हो, बच्चे भांगड़ा या भरतनाट्यम कर रहे हों, या कोई क्रिकेट टूर्नामेंट चल रहा हो, हमेशा कुछ न कुछ होता रहता है और अब, इंडियन फिल्म फेस्टिवल भी यहां आ गया है; यह कुछ ही दिनों में मेलबर्न में शुरू होने वाला है.

‘ग्रो मोर-अचिव मोर’: PM

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 21वीं सदी का भारत एक विकसित देश बनने के लक्ष्य की दिशा में काम कर रहा है. जब एक सपना पूरा होता है, तो एक नया सपना जन्म लेता है. पहले कहा जाता था कि एक दीया हजारों और दीयों को रोशन करता है; आज मैं कहता हूं कि एक सपना दूसरे सपने को जन्म देता है, हजारों सपने सामने आते हैं. जब एक लक्ष्य हासिल हो जाता है, तो उससे भी बड़ा संकल्प उसकी जगह ले लेता है. यह ऐसा भारत है जो ‘ज़्यादा विकास, ज्यादा उपलब्धि’ (Grow More, Achieve More) में विश्वास करता है. हम 1.4 अरब लोगों का देश हैं, जो उम्मीदों और आकांक्षाओं से भरे हुए हैं.

भारत की रक्षा क्षमता में ऐतिहासिक विकास: PM 

भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया भारत के डिफेंस प्लेटफॉर्म्स की क्षमता और विश्वसनीयता देख रही है. आपने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान इसका प्रदर्शन देखा होगा. धमाके तो आतंकियों के ठिकानों पर हो रहे थे, लेकिन उनकी गूंज पूरी दुनिया में सुनाई दी. क्या आतंकियों के ठिकानों पर हुए इस ज़बरदस्त हमले ने आपको गर्व से भर दिया या नहीं? पिछले 12 सालों में, ‘मेक इन इंडिया’ एक ग्लोबल ब्रांड बन गया है. हमारे मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक्स दुनिया भर के बाजारों में पहुंच चुके हैं. हमारी ऑटोमोबाइल और फार्मास्युटिकल प्रोडक्ट्स की ग्लोबल पहुंच बढ़ी है..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *