Headlines

बिहार: MLC चुनाव के रिजल्ट के बीच बड़ा विवाद, जन सुराज, RJD, कांग्रेस, सब नाराज

बिहार विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन सीटों पर मतगणना के दौरान मंगलवार (27 अक्टूबर, 2026) को CCTV कैमरे को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की जन सुराज प्रत्याशी दिव्या ज्योति, RJD और कांग्रेस के प्रत्याशियों ने मतगणना की पारदर्शिता पर सवाल उठाए हैं.

उन्होंने आरोप लगाया कि काउंटिंग रूम में CCTV कैमरे नहीं लगाए गए हैं. वहीं, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने कहा कि चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों और मानक प्रक्रिया (SOP) का पूरी तरह पालन किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि मतगणना केंद्र के अंदर वीडियोग्राफी की व्यवस्था है.

पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज की प्रत्याशी दिव्या ज्योति ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था ठीक है, लेकिन काउंटिंग रूम में CCTV कैमरे नहीं होने पर सवाल उठता है. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को इसका जवाब देना चाहिए. जब चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं, तब आयोग को ज्यादा सतर्क रहना चाहिए. यह उम्मीदवारों के भविष्य का सवाल है.

दिव्या ज्योति ने कहा कि उन्होंने इस मुद्दे पर शिकायत की है. उन्होंने दावा किया कि अगर चुनाव आयोग निष्पक्ष रहा और परिणाम को प्रभावित करने की कोशिश नहीं हुई, तो नतीजा जन सुराज के पक्ष में आएगा.

RJD ने मतों को अवैध घोषित करने की जताई आशंका

RJD ने कहा कि उसने मुख्य चुनाव आयुक्त और बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र देकर CCTV कैमरों के सामने पारदर्शी मतगणना कराने की मांग की है. पार्टी ने आरोप लगाया कि आयोग मतगणना की रिकॉर्डिंग नहीं कराना चाहता. RJD को आशंका है कि रिकॉर्डिंग नहीं होने पर वैध मतों को अवैध घोषित किया जा सकता है. पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षी मतों पर निशान लगाकर उन्हें खारिज करने की कोशिश हो सकती है.

RJD प्रत्याशी ने उठाए सवाल, कांग्रेस उम्मीदवार ने दिया धरना

RJD MLC प्रत्याशी डॉ. संजीव ने कहा कि सांसद, विधायक और स्थानीय निकाय चुनावों की मतगणना के दौरान CCTV कैमरे लगाए जाते हैं. ऐसे में यहां कैमरे क्यों नहीं हैं? उन्होंने कहा कि इससे प्रशासन पर संदेह पैदा होता है. हालांकि, उन्होंने अपनी जीत का भरोसा भी जताया. वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. संजय कुमार CCTV कैमरे नहीं होने के विरोध में धरने पर बैठ गए. उन्होंने बिना CCTV कैमरे के मतगणना कराए जाने पर आपत्ति जताई.

वहीं पटना स्नातक सीट से RJD प्रत्याशी दिलीप पटेल बांकीपुर गर्ल्स स्कूल स्थित मतगणना केंद्र पर पहुंचे. उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े स्तर पर धांधली की तैयारी है. इसलिए जिन कमरों में काउंटिंग प्रक्रिया हो रही वहां CCTV कैमरे नहीं लगाए गए हैं.  उन्होंने दावा किया कि हम जीत रहे हैं. हराने के लिए ये सब हो रहा, जबकि पंचायत, MLA- MP हर चुनाव में काउंटिंग कमरों में CCTV कैमरे होते हैं. उन्होंने कहा कि हार का डर सतापक्ष को सता रहा है.

JDU का दावा- आठों सीटों पर जीत की स्थिति में NDA

JDU नेता राजीव रंजन ने कहा कि चुनाव में सकारात्मक माहौल है और उनकी पार्टी आठों सीटों पर जीत दर्ज करने की स्थिति में दिख रही है. उन्होंने दावा किया कि विपक्ष बिखरा हुआ है और महागठबंधन के दलों के बीच कई सीटों पर आपसी मुकाबला है. उनके मुताबिक, जनता का समर्थन NDA को मिल रहा है.

उधर, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने कहा कि मतगणना की व्यवस्था अच्छी है. चुनाव आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन हो रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस चुनाव में काउंटिंग रूम के अंदर CCTV कैमरे नहीं लगाए जाते, बल्कि वीडियोग्राफी कराई जाती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *