गोरखपुर शिक्षक MLC चुनाव की मतगणना में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए सपा प्रत्याशी डॉ संजयन त्रिपाठी और निर्दलीय प्रत्याशी राजीव यादव ने बहिष्कार कर दिया. जिसे लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर पलटवार किया है. सपा मुखिया ने कहा कि बीजेपी एमएलसी चुनाव जीतने के लिए किसी भी हद तक गिर सकती है.
सपा मुखिया ने बीजेपी पर लगाए आरोप
अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर गोरखपुर एमएलसी चुनाव में गड़बड़ी के आरोप लगाए और सपा उम्मीदवार को षडयंत्र कर हराने का आरोप लगाया. उन्होंने लिखा- “भ्रष्ट भाजपाई और उनके षड्यंत्रकारी संगी-साथी व संलिप्त अधिकारी एमएलसी चुनाव जीतने के लिए जिस हद तक गिर सकते थे गिर गये हैं. डॉ. संजयन त्रिपाठी को हराने की साजिश सबके सामने खुल गई है.”
सपा चीफ ने लिखा-“डॉ. संजयन त्रिपाठी को मतगणना में घपला करके हराने का कारण सिर्फ़ ये नहीं है कि वो सपा के उम्मीदवार हैं बल्कि इसके पीछे ‘हाता नहीं भाता’ मुख्य कारण है. राजनीति के मामले में भाजपा पातालमुखी हो चुकी है. इतनी बड़ी जालसाज़ी के बाद जनता को ये समझ आ गया है कि भाजपा दरअसल हर सीट पर हारी है. भाजपाई वोट से नहीं खोट से जीतते हैं. डॉ. संजयन त्रिपाठी जी का जिस प्रकार उत्पीड़न किया गया है, उसे उनका पूरा समाज देख रहा है. डॉ त्रिपाठी जी के आँसू उनका समाज और प्रदेश का कोई शिक्षक नहीं भूलेगा.”
अखिलेश यादव की रैली से 3 दिन पहले सपाईयों ने वाराणसी में दिया गिफ्ट, BJP को लगा झटका
उन्होंने कहा- “शिक्षकों को भाजपा में अपमान के सिवा कुछ और नहीं मिला है. शिक्षकों से चारा इकट्ठा करने तक का जो निकृष्टतम अवांछित काम करवाने का षड्यंत्र किया गया, उसे हर शिक्षक हमेशा याद रखेगा और 2027 के विधानसभा चुनावों में भाजपा को हराकर अपना ‘गुरु संकल्प’ पूरा करेगा. भाजपा की चार सौ बीसी, चार सौ तीन सीटों पर नहीं चलेगी. हम डॉ. संजयन त्रिपाठी जी और उनके समाज के साथ हो रहे हर अन्याय और उत्पीड़न के विरुध्द, भाजपा के खिलाफ साथ में खड़े हैं और खड़े रहेंगे.”
गोरखपुर में सपा प्रत्याशी संजयन त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि शुरुआत में तीन चरणों में मतगणना ठीक तरीके से हुई, इसके बाद अचानक एकतरफा बीजेपी प्रत्याशी के समर्थन में वोट निकलने लगे और पूरा ट्रेंड बदल गया. उन्होंने कहा कि ऐसा लग रहा था जैसे सबकुछ पहले से तय हैं. इसलिए हमने मतगणना का बहिष्कार किया है.
