उत्तर प्रदेश एमएलसी चुनाव के नतीजे आ रहे हैं. इस बीच गोरखपुर सीट का भी नतीजा आ चुका है. समाजवादी पार्टी चीफ अखिलेश यादव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का किला भेदने में नाकाम रहे हैं. बीजेपी के ध्रुव त्रिपाठी ने जीत दर्ज की है. उन्होंने 276 मतों से जीत हासिल की. वहीं सपा तीसरे नंबर पर रही. ध्रुव त्रिपाठी की जीत की औपचारिक घोषणा होना बाकी है.
वहीं दूसरे स्थान पर निर्दल प्रत्याशी राजीव यादव रहे. बीजेपी के ध्रुव त्रिपाठी को द्वितीय वरीयता में जीत का ताज मिला. कांटे की टक्कर में निर्दल प्रत्याशी राजीव यादव को हार का सामना करना पड़ा. सपा के संजयन त्रिपाठी को बाहर कर उनके प्राप्त मतों के द्वितीय वरीयता के मतों की गणना में बीजेपी के ध्रुव त्रिपाठी 880 मतों से आगे चल रहे थे. इसमें 14 प्रत्याशी बाहर हो गए थे.
द्वितीय वरीयता के मतों में बीजेपी को मिले इतने वोट
द्वितीय वरीयता के मतों में बीजेपी के ध्रुव कुमार त्रिपाठी के 13,644, निर्दल राजीव यादव के 12,764 मत और सपा के संजयन त्रिपाठी के सबसे कम 9,503 मत थे. ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने 880 वोटों से बढ़त बनाई थी. पहले उनकी बढ़त 901 वोट थी.
प्रथम वरीयता के मतों में किसको मिले कितने वोट?
प्रथम वरीयता के मतों की गिनती पूरी होने के बाद बीजेपी के ध्रुव त्रिपाठी 11881, सपा के डॉ संजयन त्रिपाठी को 8301, निर्दलीय प्रत्याशी राजीव यादव को 11,415, अजीत कुमार सिंह को 4406, अजय सिंह को 2503, राम प्रताप राम को 477, डॉ राकेश सिंह को 448, पंकज कुमार सिंह को 377 वोट प्राप्त हुए.
इनके अलावा सत्यपाल सिंह को 322, डॉ शरदेंदु कुमार त्रिपाठी को 112, डॉ राजेश पांडेय को 80, राकेश कुमार तिवारी को 62, देव भास्कर तिवारी को 52, शिव श्याम यादव को 37, डॉ निरंकार राम त्रिपाठी को 24 और दिनेश कुमार मिश्र 13 वोट ही मिल पाए. प्रथम वरीयता में 40 हजार 811 कुल वैध मत पाए गए. इनमें 2800 अवैध मत पाए गए. इस तरह वैध और अवैध मत कुल 43 हजार 611 पाए गए.
