Headlines

बृजभूषण शरण सिंह के सपा में जाने की अटकलों पर BJP का बयान, कहा- …अंदरूनी मामला है

उत्तर प्रदेश की राजनीति में अक्सर सुर्खियों में रहने वाले पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं. महिला पहलवानों से जुड़े यौन शोषण मामले में आरोपों से बरी होने के बाद बृजभूषण शरण सिंह ने एबीपी न्यूज को दिए इंटरव्यू में कई राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी. उनके एक बयान के बाद यूपी की सियासत में उनके समाजवादी पार्टी में जाने की अटकलें तेज हो गई हैं. अब पूर्व सांसद को लेकर बीजेपी की प्रतिक्रिया सामने आई है.

पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बयान और सपा में शामिल होने की अटकलों के बीच बीजेपी प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी की प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक अनुशासित पार्टी है और पार्टी के सभी कार्यकर्ता नेतृत्व के निर्णय और नीतियों के साथ एकजुट हैं.

बृजभूषण शरण सिंह एक मुखर नेता- राकेश त्रिपाठी

वहीं राकेश त्रिपाठी ने कहा कि बृजभूषण शरण सिंह पहले समाजवादी पार्टी में रह चुके हैं और उससे पहले बीजेपी में भी रहे हैं, फिलहाल वह बीजेपी के साथ हैं. उन्होंने कहा कि बृजभूषण शरण सिंह के दोनों बेटे भी राजनीति में सक्रिय हैं, जिनमें एक बीजेपी विधायक और दूसरा सांसद है. बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि बृजभूषण शरण सिंह एक मुखर नेता हैं और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखते हैं. उन्होंने कहा कि उनकी ओर से किसी मुद्दे पर क्या कहा गया, इस पर समाजवादी पार्टी क्या प्रतिक्रिया दे रही है यह उसका अंदरूनी मामला है.

क्या बोले थे पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह?

पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि महिला पहलवानों से जुड़े मामले में अगर कोई राजनीतिक दल उनके विरोध में खड़ा नहीं हुआ, तो उसमें समाजवादी पार्टी (SP), बहुजन समाज पार्टी (BSP) और बिहार की राष्ट्रीय जनता दल (RJD) शामिल हैं. उनके इस बयान को यूपी की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के बीच खासा अहम माना जा रहा है. बृजभूषण शरण सिंह के बयान के बाद समाजवादी पार्टी की ओर से आई प्रतिक्रिया ने भी राजनीतिक चर्चाओं को हवा दे दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *