तेलंगाना के तीन दिन के दौरे पर रहे बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने तंज कसा है. रेड्डी ने कहा, ‘मुझे असल में उनका नाम भी नहीं पता.’ उन्होंने बीजेपी अध्यक्ष के उस बयान पर भी पलटवार किया, जिसमें उन्होंने 2028 विधानसभा चुनाव में बीजेपी की जीत का दावा किया था. रेड्डी ने कहा, कांग्रेस अगले विधानसभा चुनाव में बीजेपी को ‘कुचल’ देगी.
हाल ही में तेलंगाना के अपने 3 दिन के दौरे से लौटे बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा था कि अगले चुनाव के बाद राज्य में BJP की सरकार होगी, किसानों की एक सभा में बोलते हुए रेवंत रेड्डी ने नितिन नवीन के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी, कहा कि BJP को तेलंगाना में सिर उठाने नहीं दिया जाएगा.
क्या बोले रेवंत रेड्डी?
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा, ‘हाल ही में एक व्यक्ति यहां आया था, नवीन या जो भी नाम हो, मुझे उनका ठीक से नाम पता नहीं है, लेकिन वह यहां आकर कहते हैं, ‘अगली सरकार उनकी होगी.’ आपने पश्चिम बंगाल के बारे में भी यही कहा था. पश्चिम बंगाल में आपको 15 साल लगे. वहां, ममता बनर्जी की वजह से शायद आपकी चालें कामयाब हो गईं, लेकिन यहां हमारे सभी लोग तैयार हैं और वे आपको कुचल देंगे.’
बीएल संतोष ने किया पलटवार
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष ने रेवंत रेड्डी के बयान पर पलटवार किया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ‘अहंकार की पराकाष्ठा प्रदर्शित हो रही है, शब्दों का चुनाव तो देखो. एकदम सटीक कांग्रेसी.’
बीजेपी अध्यक्ष ने कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना
बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने ऐलान किया था कि पार्टी तेलंगाना में कांग्रेस सरकार के खिलाफ राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करेगी. उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी सरकार विधानसभा चुनावों से पहले जनता से किए गए वादों को पूरा करने में नाकाम रही है. तेलंगाना बीजेपी की कार्यकारिणी बैठक को संबोधित करते हुए, नवीन ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से राज्य सरकार के खिलाफ अपनी लड़ाई तेज करने और लोगों के मुद्दों को तेलंगाना के हर गांव और शहर तक पहुंचाने की अपील की.
