अगर आप ट्रेन से सफर करते समय रात में मोबाइल या पावर बैंक चार्ज पर लगाकर सो जाते हैं, तो यह खबर आपके लिए अहम है. रेलवे बोर्ड ने ट्रेनों में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक मोबाइल चार्जिंग पॉइंट बंद रखने के नियम का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है. ऐसे में यात्रियों को रात के इन छह घंटों के दौरान कोच में लगे चार्जिंग पॉइंट इस्तेमाल करने में परेशानी हो सकती है.
रेलवे ने यह निर्देश यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दोहराया है. हाल ही में दक्षिण पूर्व रेलवे में चार्जिंग के दौरान एक पावर बैंक से जुड़ी घटना सामने आने के बाद इस नियम के पालन पर जोर दिया गया है. इसके साथ ही संबंधित कर्मचारियों को जरूरी निर्देश देने, उनकी ट्रेनिंग कराने और नियमों की जांच के लिए भी कहा गया है.
क्या है रेलवे का नया निर्देश?
रेलवे बोर्ड ने 26 अक्टूबर को जारी पत्र में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक ट्रेन कोच में लगे मोबाइल चार्जिंग पॉइंट बंद रखने को कहा है. हालांकि, यह नियम नया नहीं है. रेलवे बोर्ड ने अपने 19 जून 2014 के पुराने आदेश का सख्ती से पालन कराने के लिए दोबारा निर्देश जारी किया है. सभी जेनर्ल रेलवे को कहा गया है कि इस नियम के पालन में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और इसमें किसी तरह की छूट नहीं नहीं दी जाएगी.
क्यों सख्त हुआ रेलवे?
रेलवे बोर्ड के इस निर्देश के पीछे सबसे बड़ी वजह दक्षिण पूर्व रेलवे में सामने आई चार्जिंग से जुड़ी घटना है. जानकारी के मुताबिक, ट्रेन में तय समय के दौरान चार्जिंग पॉइंट बंद नहीं किए गए थे. इसी दौरान एक यात्री का पावर बैंक चार्जिंग के समय धुएं के साथ फट गया.
इस घटना के बाद रेलवे ने सभी जोनल रेलवे को चार्जिंग पॉइंट बंद रखने से जुड़े पुराने नियम का सख्ती से पालन कराने पर जोर दिया है. अधिकारियों और सुपरवाइजरों को औचक निरीक्षण करने के लिए भी कहा गया है, ताकि यह जांच की जा सके कि रात के निर्धारित समय में चार्जिंग पॉइंट बंद रखे जा रहे हैं या नहीं.
ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों पर क्या पड़ेगा असर?
ट्रेन में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक कोच में लगे चार्जिंग पॉइंट बंद रहने के कारण यात्री इनका इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे. ऐसे में यात्रियों को सलाह है कि सफर पर निकलने से पहले मोबाइल की बैटरी चार्ज कर लें. जरूरत पड़ने पर पावर बैंक साथ रख सकते हैं, लेकिन उसे सुरक्षित तरीके से इस्तेमाल करें और चार्जिंग के दौरान गर्मी या धुआं दिखने पर तुरंत सावधानी बरतें.
