भारत के इतिहास में कुछ यात्राएं ऐसी हैं, जिन्होंने सिर्फ एक व्यक्ति का नहीं बल्कि पूरे देश का भविष्य बदल दिया. ऐसी ही एक यात्रा स्वामी विवेकानंद ने साल 1892 में की थी. भारत भ्रमण के दौरान मैसूर पहुंचे और उनके विचारों, व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण के विजन ने राजपरिवार सहित कई लोगों को प्रभावित किया. यही वो दौर था जिसने आगे चलकर उनके विश्व प्रसिद्ध शिकागो धर्म संसद (1893) के सफर की नींव मजबूत की थी.
लगभग 134 साल बाद उसी ऐतिहासिक विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने की दिशा में एक और अहम कदम उठाया जा रहा है. भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी 1 अगस्त को मैसूर में बने स्वामी विवेकानंद कल्चरल यूथ सेंटर यानी विवेक स्मारक का उद्घाटन करेंगे. ये केंद्र सिर्फ एक स्मारक नहीं, बल्कि युवाओं को स्वामी विवेकानंद के विचारों, भारतीय संस्कृति, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र सेवा की भावना से जोड़ने की कोशिश है.
क्यों खास मानी जाती है 1892 की ऐतिहासिक यात्रा?
भारत के महान संत और युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद का नाम आज भी करोड़ों युवाओं को आगे बढ़ने का हौसला देता है. उनके विचार सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आज भी पढ़ाई, नौकरी और जिंदगी में कामयाबी पाने का रास्ता दिखाते हैं. स्वामी विवेकानंद की 1892 की यात्रा की बात करें, तो संन्यासी बनने के बाद उन्होंने पूरे भारत का दौरा किया था. इसी यात्रा के दौरान वो नवंबर 1892 में मैसूर पहुंचे. यहां उनकी मुलाकात वहां के राजा चामराजेंद्र वोडेयार और उनके दीवान के. शेषाद्रि अय्यर से हुई.
वहां उनके ज्ञान, समझदारी और भारत के भविष्य पर उनके विचारों से मैसूर का दरबार बहुत खुश हुआ. माना जाता है कि यहीं से उन्हें विदेश जाकर भारतीय धर्म और संस्कृति का संदेश फैलाने की हिम्मत और मदद मिली. इसके कुछ ही महीनों बाद, 1893 में, उन्होंने अमेरिका के शिकागो में दुनिया के धर्म सम्मेलन में अपना बहुत प्रसिद्ध भाषण दिया, जिससे पूरी दुनिया में उनकी पहचान बन गई.
1892 में जहां ठहरे वहां बना विवेकानंद का नया विवेक स्मारक
मैसूरु में उस जगह ही स्वामी विवेकानंद का नया विवेक स्मारक बनाया गया है जहां वो 1892 के दौर पर ठहरे थे. उसी ऐतिहासिक परिसर को संरक्षित और विकसित कर स्वामी विवेकानंद कल्चरल यूथ सेंटर तैयार किया गया है. इसका उद्देश्य सिर्फ एक ऐतिहासिक भवन को संरक्षित करना नहीं, बल्कि उसे युवाओं के लिए प्रेरणा केंद्र के रूप में विकसित करना भी है. यहां पर आने वाले छात्रों और युवाओं को स्वामी विवेकानंद के जीवन के अलावा उनके विचारों समेत भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और नेतृत्व संबंधी सोच से परिचित कराया जाएगा.
छात्रों के लिए क्यों खास है स्वामी विवेकानंद कल्चरल यूथ सेंटर?
नई शिक्षा नीति भी बच्चों के हर तरह के विकास, स्किल्स, लीडरशिप और अच्छे संस्कारों को बढ़ावा देती है. ऐसे समय में स्वामी विवेकानंद की बातें और भी जरूरी हो जाती हैं. उनका मानना था कि ‘पढ़ाई का मतलब सिर्फ जानकारी जुटाना नहीं, बल्कि इंसान के अंदर की ताकत को पहचानना और उसे जगाना है.’ वो युवाओं को आत्मविश्वासी, अनुशासित और जिम्मेदार बनने की सीख देते थे. किसी भी सरकारी या प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए भी उनका जीवन बहुत बड़ी सीख देता है.
स्वामी विवेकानंद कल्चरल यूथ सेंटर में छाक्षों के लिए क्या कुछ है?
- पढ़ाई और परीक्षा की सुविध:- विवेक स्मारक में स्टडी सेंटर और लाइब्रेरी है जहां पर स्टूडेंट्स प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकते हैं.
- स्पेशल क्लासरूम:- छात्रों को स्किल डेवलपमेंट और शॉर्ट-टर्म कोर्स भी सीखने को मिल सकते हैं. यहां पर छात्रों के वोकेशनल स्किल्स और लाइफ स्किल्स को बेहतर बनाने के लिए स्पेशल क्लासरूम और शॉर्ट-टर्म कोर्स चलाए जाते हैं.
- छात्रों के मानसिक तनाव दूर करने की व्यवस्था:- यहां पर लगभग 650 सीटों वाला एक बड़ा ओपन-एयर थिएटर है जहां सांस्कृतिक कार्यक्रम के अलावा यूथ सेमीनार, मोटिवेशनल टॉक्स और ग्रुप एक्टिविटीज जैसे प्रोग्राम होते हैं. छात्रों के मानसिक तनाव को कम करने के भी यहां खास योग हॉल है.
- मूल्य-आधारित शिक्षा:- यहां 9वीं-12वीं के स्कूली छात्रों से लेकर कॉलेज यूथ को आत्मविश्वासी, अनुशासित और देश के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाने के लिए स्पेशल वर्कशॉप आयोजित किया जाएगा.
