लियोनेल मेसी ने एक और ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित कर दिया है. 3 जुलाई को फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अर्जेंटीना और केप वर्डे का मैच खेला गया, जिसमें अर्जेंटीना ने 3-2 से जीत दर्ज कर राउंड ऑफ 16 में प्रवेश किया. इस मैच में मेसी ने एक गोल किया, जिससे वो वर्ल्ड कप इतिहास में लगातार 8 मैचों में गोल दागने वाले पहले खिलाड़ी बने हैं.
लियोनेल मेसी ने मैच के 29वें मिनट में गोल करके अर्जेंटीना को 1-0 से आगे कर दिया था, लेकिन दूसरे हाफ में केप वर्डे ने मैच को बराबरी पर ला खड़ा किया. मुकाबले का परिणाम एक्स्ट्रा टाइम में निकला, जहां दोनों टीमों ने कुल 3 गोल कर डाले. अंत में अर्जेंटीना ने 3-2 से रोमांचक जीत दर्ज की.
लगातार 8 वर्ल्ड कप में गोल किया
लियोनेल मेसी ऐसे पहले खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने लगातार 8 वर्ल्ड कप मैचों में गोल किया है. इस 8 मैचों से चली आ रही स्ट्रीक के दौरान मेसी ने कुल 12 गोल किए हैं. यह भी बताते चलें कि मेसी के कुल वर्ल्ड कप गोल 20 हो गए हैं, जो अपने आप में एक विश्व रिकॉर्ड है.
फिलहाल मेसी 2026 वर्ल्ड कप का गोल्डन बूट जीतने की रेस में सबसे आगे चल रहे हैं. अब तक इस वर्ल्ड कप में उन्होंने 7 गोल किए हैं, जबकि फ्रांस के किलियन एम्बापे उनके पीछे-पीछे चल रहे हैं, जिनके अभी 6 गोल हैं.
अब मिस्र से टक्कर
अर्जेंटीना अपने लगातार दूसरे और कुल चौथे वर्ल्ड कप की ओर मजबूती से आगे बढ़ रही है. अर्जेंटीना अब तक टूर्नामेंट में अजेय रही है और अब राउंड ऑफ 16 में उसकी टक्कर मिस्र से होगी, जो 7 जुलाई को खेला जाएगा. मिस्र को हराकर अर्जेंटीना क्वार्टरफाइनल में प्रवेश कर जाएगी.
