Headlines

लालकृष्ण आडवाणी की अब कैसी है तबियत? हॉस्पिटल से आया हेल्थ अपडेट

देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को छाती में संक्रमण के चलते दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अधिकारियों ने शनिवार (17 अक्टूबर) को बताया कि उनकी हालत स्थिर बनी हुई है. अस्पताल की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि बीजेपी के 98 वर्षीय दिग्गज नेता फिलहाल इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल के आईसीयू (ICU) में हैं और न्यूरोलॉजी विभाग के वरिष्ठ सलाहकार डॉ. विनीत सूरी की देखरेख में हैं.

आडवाणी को शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे अस्पताल लाया गया था. अपोलो अस्पताल ने स्वास्थ्य बुलेटिन जारी करते हुए बताया कि लालकृष्ण आडवाणी को छाती में संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उनकी हालत स्थिर है और डॉक्टरों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है. केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने अस्पताल जाकर उनसे मुलाकात की और आडवाणी के स्वास्थ्य को लेकर डॉक्टरों से बातचीत की.

पीएम मोदी ने की थी मुलाकात
बीजेपी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी को अस्पताल में भर्ती कराए जाने से करीब एक हफ्ते पहले पीएम मोदी ने 7 अक्टूबर को नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर मुलाकात की थी. इस दौरान पीएम मोदी ने सरकार के प्रमुख के तौर पर 25 साल पूरे होने पर आडवाणी से आशीर्वाद लिया था.

आडवाणी से मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा था कि आडवाणी की कई दशकों की सार्वजनिक सेवा और देश के जीवन में उनके योगदान की गहरी छाप रही है. पीएम मोदी ने देश की प्रगति को मजबूत करने में आडवाणी की अहम भूमिका का भी जिक्र किया था.

आडवाणी का राजनीतिक करियर 
पूर्व डिप्टी पीएम लालकृष्ण आडवाणी का राजनीतिक करियर काफी लंबा रहा है. वो कई बार बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं और 2002 से 2004 तक देश के उप प्रधानमंत्री के पद पर रहे. उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री और सूचना प्रसारण मंत्री जैसे अहम पदों की भी जिम्मेदारी संभाली है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *