Headlines

मेरठ: अमित कश्यप मामले में सजा का ऐलान, पत्नी और उसके प्रेमी को फांसी की सजा

उत्तर प्रदेश स्थित मेरठ के चर्चित सांप कांड में अदालत ने अमित कश्यप की हत्या के मामले में दोषी पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को फांसी की सजा सुनाई है. दोनों को अमित कश्यप की हत्या के मामले में 7 अक्टूबर को दोषी करार दिया गया था.  अप्रैल 2025 में अमित की मौत को सांप के काटने से हुई मौत बताया गया था, लेकिन पोस्टमार्टम में दम घुटने की बात सामने आई.

पुलिस जांच में पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप पर हत्या की साजिश रचने के आरोप सामने आए थे. करीब 17 महीने चली कानूनी प्रक्रिया के बाद अब अदालत ने दोनों को मृत्युदंड की सजा सुनाई है.

मेरठ में अपर जिला जज-12 की अदालत में रविता और अमरदीप की सजा पर सुनवाई के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए. दोनों को अदालत में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश किया गया. मृतक अमित की मां मुनेश और भाई भी अदालत पहुंचे. सजा पर बहस के दौरान अभियोजन पक्ष के वकीलों ने दोनों दोषियों के लिए फांसी की मांग की. उनका कहना था कि यह मामला मुस्कान और साहिल हत्याकांड की तरह है, जिसमें पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या की थी.

जज ने पूछा- क्या सजा पर कुछ कहना है?

बहस पूरी होने के बाद अपर जिला जज ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रविता और अमरदीप से पूछा कि वे मृत्युदंड या आजीवन कारावास में से किसी सजा के संबंध में कुछ कहना चाहते हैं या नहीं. हालांकि, दोनों ने इस पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया. इसके बाद अदालत ने दोनों को फांसी की सजा सुनाई.

अमित की मां मुनेश ने इससे पहले दावा किया था कि रविता की योजना हत्या के बाद इसे सांप के काटने से हुई मौत दिखाकर बच निकलने की थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया.

रविता के मोबाइल की कॉल डिटेल से भी अमरदीप के साथ उसके संबंधों और साजिश से जुड़ी कड़ियां सामने आई थीं.

रविता ने क्या कहा था?

इस मामले में रविता ने अदालत के समक्ष पति अमित की हत्या की वजह बताते हुए अपना जुर्म कबूल किया था. रविता ने बताया था कि उसने सोते हुए अमित के हाथ और मुंह पकड़े थे, जबकि उसके प्रेमी अमरदीप ने अमित का गला दबाया था.

रविता के मुताबिक, सांप का इंतजाम भी अमरदीप ने ही किया था. हत्या के बाद मामले को सांप के काटने से हुई मौत दिखाने के लिए बिस्तर पर घोड़ा पछाड़ सांप छोड़ दिया गया था. हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की बात सामने आने के बाद हत्या का खुलासा हुआ.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *