Headlines

दिल्ली में दिन दहाड़े 2.30 करोड़ की लूट, लाहौरी गेट इलाके में 4 बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम

 दिल्ली में एक हैरान करने वाली घटना सामने आ रही है. दिल्ली के लाहौरी गेट इलाके में 2.30 करोड़ रुपये की लूट के मामले में पुलिस आरोपियों के भागने के रास्ते की जांच कर रही है. बुधवार को चार बदमाश एक दफ्तर में घुसे और पिस्टल की नोक पर कर्मचारी को डराकर अलमारी में रखी नकदी बैग में भर ली. इसके बाद वे पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के सामने पहले से खड़ी कार में बैठकर फरार हो गए. वारदात के बाद सामने आए CCTV फुटेज में बदमाशों के भागने की गतिविधियां कैद होने की जानकारी मिली है.

यह घटना चर्च मिशन पुलिस चौकी इलाके की बताई जा रही है. मामले में लाहौरी गेट थाने में लूट की धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है. आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें बनाई गई हैं.

फरार होने के लिए पहले से खड़ी थी कार

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बदमाशों ने वारदात के बाद भागने के लिए पहले से इंतजाम कर रखा था. पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के सामने एक कार खड़ी थी, जिसमें बैठकर आरोपी मौके से निकल गए. बताया जा रहा है कि कार में उनका एक साथी मौजूद था, जो वारदात के बाद उन्हें लेकर फरार हुआ. पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है. घटनास्थल से लेकर कार के संभावित रूट तक के फुटेज की जांच की जा रही है.

पिस्टल दिखाकर कर्मचारी को डराया

जानकारी के अनुसार, चार बदमाश हथियारों के साथ दफ्तर में दाखिल हुए. उन्होंने वहां मौजूद कर्मचारी को पिस्टल दिखाकर डराया और अलमारी में रखे 2 करोड़ 30 लाख रुपये बैग में भरकर ले गए. दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है. फिलहाल, पुलिस आरोपियों की पहचान और लूटी गई रकम बरामद करने की कोशिश कर रही है. मामले में आगे की जानकारी जांच के बाद सामने आएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *