असम के जोरहाट में 25 साल के युवक को अपने ही घर से लगभग 50 लाख रुपये नकद और सोने के गहने चुराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस को शक है कि इस पैसे का कुछ हिस्सा उसने अपनी गर्लफ्रेंड पर खर्च किया है.
आरोपी की पहचान यश धनुका अग्रवाल के तौर पर हुई है. उसे तब पकड़ा गया, जब उसके पिता ने जोरहाट सदर पुलिस स्टेशन में नकद और कीमती सामान चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस के मुताबिक चोरी 11 अगस्त को हुई थी, जब परिवार घर पर नहीं था. आरोप है कि माता-पिता के कमरे का लॉकर तोड़कर नकदी और गहने चोरी किए गए.
अहमदाबाद से वापस लाए पिता
पुलिस ने बताया कि चोरी के बाद यश जोरहाट से चला गया था. साइबर सिक्योरिटी सेल की मदद से जांच करने वालों ने उसके मोबाइल को अहमदाबाद में ट्रेस किया. बाद में यश के पिता अहमदाबाद गए, उसे वापस जोरहाट लाए और पुलिस के हवाले कर दिया. जोरहाट सदर पुलिस स्टेशन के इंचार्ज ऋषिकेश हजारिका ने बताया कि यश को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया और उसके बाद ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया गया है.
पुलिस ने क्या बताया
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि चोरी के बाद उस पैसे का इस्तेमाल कैसे किया गया. जांच करने वालों को शक है कि यश ने कुछ पैसे अपनी गर्लफ्रेंड पुबाली दत्ता पर खर्च किए. उसने कथित तौर पर उसके लिए लगभग 1.5 लाख रुपये का iPhone खरीदा था. पुलिस का यह भी कहना है कि उसने उसे कैश दिया और उसके साथ कई दिन होटलों और रिसॉर्ट्स में बिताए. इस मामले में पुबाली दत्ता को आरोपी नहीं बनाया गया है.
यश के दोस्तों, जितेंद्र सोमानी और रोहित प्रसाद का नाम भी FIR में शामिल है. पुलिस को शक है कि इन दोनों दोस्तों ने कथित चोरी और चोरी किए गए सोने को ठिकाने लगाने में मदद की होगी. दोनों अभी फरार हैं. परिवार ने पुलिस को बताया कि कैश घर पर बिजनेस से जुड़े कामों के लिए रखा गया था. यश पारिवारिक बिजनेस में शामिल था, उसे घर में रखे पैसे के बारे में पता था.
