दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण के साथ-साथ मौसम धीरे-धीरे बदल रहा है. सुबह और शाम घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी पर असर पड़ने लगा है. वहीं, राजधानी में प्रदूषण के स्तर को देखते हुए शुक्रवार को GRAP-3 (ग्रेडेड रिस्पोन्स एक्शन प्लान) लागू कर दिया गया है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) आज शनिवार (7 नवंबर) को सुबह 6 बजे 366 है, जोकि बहुत खराब श्रेणी में आता है. 15 अधिक इलाकों में तो ये 400 के पार बना हुआ है.
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनसार, शुक्रवार (6 नवंबर) को शहर का अधिकतम तापमान 0.9 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 30.5 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं, न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जोकि सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक है. पालम में सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस रहा. शहर में नमी का स्तर 56 से 98 प्रतिशत के बीच रहा.
आज कैसा रहेगा मौसम?
विभाग के अनुसार, आज शनिवार (7 नवंबर) को दिल्ली-एनसीआर का अधिकतम तापमान 28-30 के बीच और न्यूनतम तापमान 15-17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. सुबह और रात के समय में तापमान में गिरावट के साथ कोहरा और स्मॉग छाया रहेगा, लेकिन दिन के समय खिली धूप रहेगी. इस दौरान हवाएं उत्तर-पश्चिम दिशा से 10-15 किमी प्रति घंटे की गति से चलेगी. विभाग के अनुसार, अगले 2-3 दिनों तक मौसम ऐसा ही बने रहने वाला है.
कहां कितना है आज AQI?
CPCB के रियल टाइम डेटा के अनुसार, आज सुबह 6 बजे दिल्ली में सबसे अधिक AQI आईआईटी दिल्ली में 442, पंजाबी बाग में AQI 433, विवेक विहार में 427 और जहांगीरपुरी में AQI 421 है, जोकि प्रदूषण की ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है. इसके अलावा डीयू नोर्थ कैंपस, द्वारका सेक्टर-8, सिरी फोर्ट, आरके पुरम, रोहिणी, सोनिया विहार, बवाना, नरेला, पटपड़गंज, ओखला फेज-2, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, नजफगढ़, मूंडका, डीटीयू, डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में भी AQI 400 के पार बना हुआ है.
GRAP-3 के लागू होने पर लगी पाबंदियां
GRAP-3 के लागू होने के बाद पूरे दिल्ली-एनसीआर में BS-III पेट्रोल और BS-IV डीजल कारों के चलने पर रोक लगा दी गई है. क्लास-5 तक बच्चों का स्कूल ऑनलाइन मोड में कर दिया गया है और 50 फीसदी कर्मचारी वर्क फ्रॉम होम कर दिया गया है. इसके अलावा कंस्ट्रक्शन और डिमोलिशन (तोड़फोड़) गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है. इसके साथ ही अब मास्क लगाना भी जरूरी हो गया है.
