Headlines

1 से 5 जुलाई के बीच होगी जोरदार बारिश! देरी के पीछे 2 मौसम सिस्टम एक्टिव, जानें क्या है मानसून ट्रफ

भारत में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून आखिरकार वापसी की तैयारी कर रहा है. मौसम वैज्ञानिक 2 अहम मौसम सिस्टम पर नजर बनाए हुए हैं, जिनके इस हफ्ते बंगाल की खाड़ी और मध्य भारत में बनने की उम्मीद है. इन मौसम सिस्टम के चलते ही देशभर में बड़े पैमाने पर बारिश की संभावना है.

आज जून महीने का आखिरी दिन है, इसके बावजूद मॉनसून उत्तरी भारत में अबतक ठीक से जम नहीं पाया है. दिल्ली-NCR, हरियाणा और राजस्थान में भीषण गर्मी और उमस बनी हुई है. कहीं-कहीं थोड़ी बारिश और आंधी-तूफान से ही कुछ राहत मिल रही है. हालांकि इस इलाके में नमी लगातार बढ़ रही है, लेकिन मॉनसून का सिस्टम ठीक से न बन पाने के कारण बड़े पैमाने पर बारिश नहीं हो पा रही है.

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अब इसमें बदलाव होने वाला है. इसका मुख्य कारण ‘मॉनसून ट्रफ़’ है, जो कम दबाव वाला एक ऐसा क्षेत्र है, जिससे भारत में ज़्यादातर मौसमी बारिश होती है. हालांकि यह ट्रफ़ बन तो गया है, लेकिन ये सामान्य जगह से काफी उत्तर में हिमालय की तलहटी के बहुत करीब बना हुआ है.

उत्तर भारत में कब जोर पकड़ेगा मॉनसून
इस वजह से अच्छी बारिश वाला इलाका इंडो-गैंगेटिक मैदानों से दूर हट गया है, जिससे दिल्ली और आस-पास के राज्यों में मानसून के पूरी तरह से सक्रिय होने में देरी हो रही है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक आने वाले दिनों में यह ट्रफ धीरे-धीरे दक्षिण की ओर बढ़ेगा. जैसे-जैसे यह अपनी सामान्य स्थिति के करीब आएगा, हवा में अस्थिरता बढ़ने की उम्मीद है, जिससे पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-NCR, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान और बड़े इलाके में बारिश हो सकती है.

मौसम वैज्ञानिकों ने क्या बताया
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि यह बदलाव 1 जुलाई से 5 जुलाई के बीच शुरू होगा, जब मॉनसून के उत्तरी भारत में मजबूती से जमने और तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी. इस हफ़्ते बंगाल की खाड़ी के ऊपर लगातार 2 कम दबाव वाले क्षेत्र बनने और मध्य भारत से होते हुए जमीन की ओर बढ़ने की उम्मीद है. इन सिस्टम की वजह से हवा में नमी आने के कारण मॉनसून का सर्कुलेशन मजबूत होगा और पूर्वी, मध्य और पश्चिमी भारत में बारिश बढ़ेगी.

पश्चिमी तट पर भी जोरदार बारिश देखने को मिल सकती है. मुंबई में जहां इस सीजन की पहले ही भारी बारिश हो चुकी है, वहां फिर से तेज बारिश हो सकती है. मौसम सिस्टम अगर उम्मीद के मुताबिक आगे बढ़ते हैं, तो मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन के कुछ इलाकों में वीकेंड तक लगभग 500 मिमी बारिश हो सकती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *