कांग्रेस पार्टी समेत इंडिया गठबंधन के सहयोगी दल एसआईआर के मुद्दे पर चुनाव आयोग और ज्ञानेश कुमार को लेकर आक्रमक हैं. लगातार तीन दिन से राहुल गांधी सड़क पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. अब खबर है कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल को हिदायत दी है कि प्रदर्शन में सारे सांसदों की उपस्थिति को सुनिश्चित करें.
उन्होंने कहा है कि जो पिछले दो दिन में आए हैं और जो नहीं आए हैं. इसकी सूची बनाई जाए. अगर कोई गैर हाजिर है और उनके पास संतोषजनक जवाब नहीं है तो, कारण बताओ नोटिस जारी करो.
राहुल ने गठबंधन के साथियों को दिल्ली बुलाया है
इससे पहले खबर आई थी कि राहुल गांधी ने अपने गठबंधन के सहयोगियों को फोन कर दिल्ली बुलाया है. इसमें जो नाम सामने आए हैं, उनमें ममता बनर्जी, उद्धव ठाकरे और तेजस्वी यादव शामिल हैं. इंडिया गठबंधन एक कदम भी इस मुद्दे पर पीछे हटने को तैयार नहीं है. सभी सहयोगी दल कांग्रेस के साथ इस प्रदर्शन को और मजबूत करने की रणनीति बनाने में जुट गए हैं.
वहीं, पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बयान देते हुए कहा है कि वह दिल्ली आ रही हैं. उन्होंने बताया कि 8-9 अक्टूबर को राष्ट्रपति से मुलाकात हो सकती है. राष्ट्रपति से मुलाकात करने वाले नेताओं की लिस्ट में उनका भी नाम शामिल है.
