झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों ने शुक्रवार (21 अगस्त) को पूरे प्रदेश में सीएम हेमंत सोरेन का ‘पुतला दहन’ किया. इस दौरान राजधानी रांची समेत कई जिलों में JMM कार्यकर्ताओं और छात्रों के बीच टकराव की स्थिति पैदा हो गई. आरोप है कि मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने से रोकने के लिए JMM कार्यकर्ताओं ने छात्रों के साथ मारपीट भी की. जिसके बाद पुलिस को भी बल प्रयोग करना पड़ा. जानकारी के मुताबिक, राजधानी रांची के अल्बर्ट एक्का चौक और चडरी तालाब के पास जेएमएम समर्थकों ने छात्रों के प्रदर्शन का विरोध किया. उन्होंने छात्रों से सीएम का पुतला छीन लिया और छात्रों के साथ मारपीट भी की. जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस ने भी लाठीचार्ज किया. इस दौरान पुलिस ने छात्र नेता कुणाल सिंह को हिरासत में लिया है.
वहीं, दूसरी ओर गिरिडीह के नगर थाना क्षेत्र स्थित झंडा मैदान में भी छात्रों और जेएमएम कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई. यहां पुतला दहन को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया, जिससे मारपीट की स्थिति बन गई. जिसके बाद यहां भी पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा. हजारीबाग शहर में छात्रों और झामुमो कार्यकर्ताओं के बीच झड़प देखने को मिली. छात्रों का आरोप है कि हाईकोर्ट में सरकार की ओर से अपने ही रद्दीकरण आदेश का मजबूती से बचाव नहीं किया गया. गढ़वा में मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने जा रहे छात्रों को मजिस्ट्रेट के निर्देश पर रोक दिया गया और पुतला दहन की अनुमति नहीं दी.
इससे नाराज होकर छात्रों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और ‘हेमंत सरकार मुर्दाबाद’ के नारे लगाए. जिससे वहां मौजूद जेएमएम समर्थक भड़क गए. इसके बाद कुछ देर के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई. मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को समझाकर शांत कराया और किसी तरह का विवाद नहीं करने की अपील की. बाद में प्रदर्शनकारी छात्र वापस लौट गए. इसको लेकर अब सियासत गरमा गई है. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने छात्र-जेएमएम कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़पों को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा.
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार में आज जिस प्रकार से छात्रों के ऊपर जेएमएम के नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा बर्बरतापूर्ण तरीके से पिटाई की गई है, इससे साफ प्रतीत हो रहा है कि राज्य की हेमंत सोरेन सरकार गुंडागर्दी कर रही है. उन्होंने कहा कि जेएमएम पार्टी में गुंडा किस्म के लोग शामिल हैं, जिन्होंने इस तरह की हरकत की है. बीजेपी नेता ने कहा कि इससे छात्रों का आक्रोश और बढ़ेगा और आने वाले दिनों में इसका खामियाजा राज्य सरकार को उठाना पड़ेगा. इस तरह की गुंडागर्दी करने वाले लोगों को झारखंड में भागने का भी रास्ता नहीं मिलेगा.
