Headlines

क्रेडिट कार्ड के 46 पैसे नहीं चुकाए, HDFC बैंक ने BJP नेता पर ठोका 1200 का जुर्माना

क्रेडिट कार्ड का बिल भरते समय कुछ पैसे भी कम रह जाएं तो क्या बैंक आपसे हजारों रुपये वसूल सकता है? ऐसा ही एक मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में है. डॉ. समीर कागलकर ने HDFC बैंक को टैग करते हुए X पर अपनी शिकायत पोस्ट की है. उनका दावा है कि बैंक ने उन्हें 10,649.46 का क्रेडिट कार्ड बिल भेजा था, लेकिन उन्होंने गलती से 10,649 यानी 46 पैसे कम जमा कर दिए. इसके बाद उनके मुताबिक बैंक ने करीब 1,200 से ज्यादा लेट पेमेंट फीस और दूसरे शुल्क लगा दिए हैं.

46 पैसे की कमी पर 1200 का चार्ज?

समीर कागलकर ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उनसे बिल की रकम में सिर्फ 46 पैसे की कमी रह गई थी. उनका कहना है कि इसके बावजूद बैंक ने उन पर 1,200 से ज्यादा का लेट पेमेंट फीस लगा दिया है . उन्होंने बैंक की ग्राहक सेवा पर भी सवाल उठाते हुए फीस वापस लेने की मांग की है. उनकी पोस्ट के मुताबिक, उन्होंने 10,649.46 के बजाय 10,649.00 का भुगतान किया था. यानी टोटल अंतर सिर्फ 46 पैसे का था. हालांकि, ये ध्यान रखना जरूरी है कि ये समीर कागलकर की ओर से किया गया दावा है. अभी तक पोस्ट में HDFC बैंक की तरफ से इस मामले पर कोई जवाब नजर नहीं आया है.

पूरा बिल चुकाना क्यों जरूरी?
क्रेडिट कार्ड में हर महीने एक पूरी बकाया राशि और एक मिनिमम अकाउंड ड्यू दिया जाता है. अगर ग्राहक तय तारीख तक पूरा बकाया नहीं चुकाता है तो कार्ड के नियमों के मुताबिक ब्याज और चार्जेज लग सकते हैं. यही वजह है कि क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते समय सिर्फ यह देखना काफी नहीं है कि आपने लगभग पूरी रकम चुका दी है. पूरी बकाया राशि की पूरी रकम और पेमेंट की अंतिम तारीख, दोनों पर ध्यान देना जरूरी है.

क्रेडिट कार्ड बिल भरते समय ये गलती न करें
पूरी बकाया राशि की रकम को ध्यान से देखें और कोशिश करें कि पूरा भुगतान करें. इतना ही नहीं पेमेंट करने के लिए आखिरी तारीख का इंतजार न करें. पेमेंट के बाद ट्रांजेक्शन सक्सेसफुल हुआ या नहीं, ये जरूर चेक करें. अगर किसी वजह से रकम कम या ज्यादा चली गई है तो तुरंत बैंक ग्राहक सेवा से संपर्क करें. और बैंक की तरफ से लगाए गए किसी भी चार्ज को समझने के लिए क्रेडिट कार्ड स्टेटमेंट जरूर देखें. क्रेडिट कार्ड के भुगतान में छोटी-सी गलती काफी ज्यादा परेशान कर सकती है. इसलिए कुछ पैसे की भी कमी छोड़ने के बजाय स्टेटमेंट में दिखाई गई पूरी बकाया राशि का भुगतान करें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *