श्रीनगर में नशे के सौदागरों के खिलाफ जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी और निर्णायक कार्रवाई को अंजाम दिया है. शहर के 6 अलग-अलग पुलिस थानों की टीमों ने मिलकर ड्रग्स तस्करी के वित्तीय नेटवर्क की रीढ़ पर जोरदार वार करते हुए 13.43 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां कुर्क कर ली हैं.अवैध नशे के धंधे से खड़े किए गए तीन-तीन मंजिला आलीशान मकानों से लेकर लग्जरी गाड़ियों तक पर पुलिस का ताला लटक चुका है.
ड्रग्स माफिया के खिलाफ यह बड़ा एक्शन श्रीनगर के अलग-अलग इलाकों में मौजूद छह पुलिस थानों ने मिलकर लिया. इनमें खानयार, पंथा चौक, शाल्तेंग, सफाकदल, सौरा और अहमद नगर थाने शामिल रहे. पुलिस की फाइनेंशियल जांच में साफ हुआ कि ये सारी संपत्तियां नशे के अवैध धंधे से कमाए गए काले धन से खड़ी की गई थीं. इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए NDPS एक्ट की धारा 68-E और 68-F के तहत इन मकानों और गाड़ियों को सीज यानी फ्रीज कर दिया गया.
खानयार थाना: 8 करोड़ की प्रॉपर्टी पर एक्शन
खानयार पुलिस ने चार अलग-अलग आरोपियों से जुड़ी कुल 5 संपत्तियों को अटैच किया है.
- एजाज अहमद भट: बुडूबाग खानयार के रहने वाले एजाज का 7 मरला जमीन पर बना तीन मंजिला आलीशान मकान सीज किया गया है, जिसकी कीमत करीब 1.60 करोड़ रुपये है (FIR नंबर 37/2022).
- आकिब हैदर खान: डलगेट के घाट नंबर 1 का रहने वाला आकिब, जिसकी करीब 6.50 लाख रुपये की फॉक्सवैगन पोलो कार (DL3CBW-3549) जब्त की गई है (FIR नंबर 46/2025).
- मजीद अशरफ वानी: शीशगरी मोहल्ला खानयार के मजीद का 12 मरला में फैला तीन मंजिला मकान कुर्क किया गया है, जिसकी कीमत 2.50 करोड़ रुपये आंकी गई है (FIR नंबर 47/2022).
- शबीर अहमद बांगरू: सफाकदल के बांगरू मोहल्ला निवासी शबीर के दो मकान सीज हुए हैं. पहला 2.80 करोड़ रुपये का तीन मंजिला मकान और दूसरा 1.10 करोड़ रुपये की कीमत वाला एक मंजिला मकान (FIR नंबर 07/2016).
पंथा चौक थाना: 1.24 करोड़ का पक्का मकान जब्त
पंथा चौक पुलिस ने खानमोह के रहने वाले साकिब बशीर भट उर्फ सकपाल के 1.24 करोड़ रुपये के पक्के रिहायशी मकान पर ताला लगा दिया है. आरोपी साकिब पर पहले से ही नशे की तस्करी से जुड़े कई केस दर्ज हैं, जिनमें पम्पोर थाने की FIR 106/2024, बनिहाल की FIR 128/2025 और ख्रेव थाने की FIR 55/2026 शामिल हैं.
शाल्तेंग थाना: 1.21 करोड़ के दो मंजिला मकान पर ताला
पंजिनारा के रहने वाले दानिश अहमद भट के खिलाफ शाल्तेंग पुलिस ने कार्रवाई की है. एक कनाल जमीन पर बने उसके दो मंजिला आलीशान मकान को धारा 68-F के तहत फ्रीज कर दिया गया है. इस प्रॉपर्टी की कीमत करीब 1.21 करोड़ रुपये है (FIR नंबर 43/2023).
सफाकदल थाना: 10 लाख से ज्यादा का तीन मंजिला मकान सीज
सफाकदल के मलिक साहिब इलाके के फैजान फिरदौस खांडे उर्फ फरजान पुज्ज की प्रॉपर्टी पर कार्रवाई हुई है. उसका तीन मंजिला मकान (अटारी समेत) जब्त कर लिया गया है, जिसकी सरकारी कीमत 10,15,383 रुपये तय की गई है. फैजान के खिलाफ NDPS एक्ट के अलावा आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 111 के तहत भी केस दर्ज है (FIR नंबर 135/2026).
अहमद नगर थाना: दो मकानों पर चला कानूनी चाबुक
शाह मोहल्ला अहमद नगर के रहने वाले आदिल अहमद पटू के दो मकानों को पुलिस ने सीज किया है. इसमें से एक मकान की कीमत 1 करोड़ रुपये और दूसरे की 80 लाख रुपये है, यानी कुल 1.80 करोड़ की प्रॉपर्टी फ्रीज हुई है. यह पूरी कार्रवाई एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट की निगरानी में की गई (FIR नंबर 16/2023).
सौरा थाना: 1.18 करोड़ की बिल्डिंग फ्रीज
सौरा पुलिस ने लाल बाजार की उमर कॉलोनी-बी में रहने वाले खालिद नजीर चिलू के रिहायशी मकान को जब्त किया है. जमीन की कीमत अलग रखकर केवल इस मकान के स्ट्रक्चर की कीमत ही 1,18,00,751 रुपये है. मजिस्ट्रेट और स्थानीय गवाहों के सामने इस घर को कानूनी तौर पर सीज किया गया (FIR नंबर 23/2025).
नशे के सौदागरों की आर्थिक कमर तोड़ने का प्लान
श्रीनगर पुलिस का यह जॉइंट ऑपरेशन साफ दिखाता है कि पुलिस अब सिर्फ नशा बेचने वालों को पकड़ने या ड्रग्स की खेप पकड़ने तक सीमित नहीं है. पुलिस की सीधी रणनीति ड्रग माफिया की उस आर्थिक रीढ़ को तोड़ने की है, जिसके दम पर यह काला धंधा फलता-फूलता है. नशे की काली कमाई से बनाई गई हर एक प्रॉपर्टी की पहचान कर उसे कुर्क किया जा रहा है.
जेल भी जाओगे और प्रॉपर्टी भी जाएगी
श्रीनगर पुलिस ने साफ कर दिया है कि ड्रग्स के खिलाफ उनकी नीति बिल्कुल ‘जीरो टॉलरेंस’ की है. अपराधियों के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त कर उन्हें अवैध कमाई से पूरी तरह बेदखल किया जाएगा. जम्मू-कश्मीर पुलिस का दो टूक कहना है कि ड्रग्स का धंधा करने वालों पर सिर्फ केस नहीं चलेगा, बल्कि काली कमाई से खड़े किए गए उनके महलों को भी सील किया जाएगा ताकि कश्मीर के युवाओं और आने वाली पीढ़ी को इस जहर से पूरी तरह सुरक्षित रखा जा सके.
