नोएडा के सेक्टर-94 स्थित स्पायरा बिल्डिंग (सुपरनोवा) की 43वीं मंजिल से शनिवार (3 अक्टूबर 2026) को एक शख्स ने छलांग लगा दी. नीचे गिरते ही उनका शव कई टुकड़ों में बिखर गया. घटना से जुड़ा एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें युवक बिल्डिंग से छलांग लगाते नजर आ रहा है. मृतक की पहचान गुरुग्राम निवासी संभव जैन के रूप में हुई है. सूचना मिलते ही सेक्टर-126 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
पुलिस के अनुसार, संभव जैन एक दिन ठहरने के लिए अकेले स्पायरा बिल्डिंग के एक कमरे में आए थे. शुरुआती पूछताछ में आसपास मौजूद लोगों से पता चला कि वह मानसिक तनाव में थे. हालांकि, आत्महत्या के पीछे की वजह अभी सामने नहीं आई है.
एक दिन के लिए ठहरने आया था युवक
पुलिस के मुताबिक, संभव जैन हरियाणा के गुरुग्राम के मानेसर इलाके के रहने वाले थे. वह 3 अक्टूबर को स्पायरा बिल्डिंग पहुंचे थे और एक कमरे में ठहरे थे. पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
FSL टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य
पुलिस अधिकारियों के साथ फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने बिल्डिंग और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
