Headlines

लखनऊ में पारिवारिक विवाद का खूनी अंत, पत्नी-बहन की हत्या के बाद खुदकुशी

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक पारिवारिक विवाद का अंत ऐसा हुआ जो शायद परिवार ने कभी सपने में भी नहीं सोचा होगा. यहां गोमतीनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार (20 अगस्त) को बैंक में तैनात महिला कर्मी दिव्या मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई. आरोप है कि महिला के पति मानस ने बैंक के बाहर ही उसे गोली मार दी. दोनों के बीच पारिवारिक विवाद का मामला फैमिली कोर्ट में चल रहा था. पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 11:22 बजे मानस ने बैंक के सामने दिव्या पर गोली चलाई और वहां से फरार हो गया. गंभीर रूप से घायल दिव्या को लोहिया संस्थान ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

जानकारी के मुताबिक, पति मानस ने दिव्या को फोन कर उन्हें अपने बैंक के बाहर बुलाया. कुछ देर तक दोनों के बीच बातचीत हो रही. इसके बाद मानस ने अचानक से बंदूक निकाली और दिव्या को गोली मार दी.

 

पत्नी को मार के घर पहुंचा, बहन को मारी गोली

अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी पति मानस मौके से फरार होकर हुसड़िया स्थित अपने घर पहुंचा. पुलिस के अनुसार, घर पर उसने अपनी बहन विभा बाजपेई की भी गोली मारकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद को भी गोली मार ली. इस गोलीकांड में तीन लोगों की मौत हो गई है.

अब लखनऊ पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और वारदात के पीछे पारिवारिक विवाद को शुरुआती वजह मानकर पड़ताल कर रही है. पुलिस ने दिव्या मिश्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है. घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *