राजनीति
हंगामा व वेल में नारेबाजी से दोनों सदन कल 11 बजे तक स्थगित
उत्तर प्रदेश की 17वीं विधानसभा के पहले सत्र का पहला दिन आज हंगामे की भेंट चढ़ गया। समाजवादी पार्टी के साथ ही बसपा व कांग्रेस के विधायकों के प्रदेश में खराब कानून-व्यवस्था को लेकर हंगामा किया। जिसके कारण राज्यपाल के संबोधन के बाद आज दोनों सदन को कल दिन में 11 बजे तक स्थगित कर दिया गया।
विधान परिषद में भी विपक्ष ने काफी हंगामा किया। इस दौरान वेल में नारेबाजी भी की गई। जिसके कारण सदन की आगे की कार्यवाही कल तक 11 बजे तक स्थगित कर दी गई है।
लखनऊ में आज विधानसभा की कार्यवाही शुरु होते ही हंगामा होने लगा। इस हंगामा के दौरान राज्यपाल राम नाईक के ऊपर विपक्ष ने कागज के टुकड़े फेंके। लॉ एंड आर्डर की स्थिति को लेकर समाजवादी पार्टी के विधायको ने हाथ में बैनर और तख्ती लेकर प्रदर्शन और हंगामा किया। विपक्षी विधायक सदन में प्लेकार्ड लेकर आए थे। राज्यपाल का अभिभाषण शुरू होते ही समाजवादी पार्टी के विधायकों ने उनकी ओर कागज के गोले फेंके। सभी सपा नेता लाल टोपी पहनकर आए हैं और हाथों में सीटी भी थी। कानून व्यवस्था को लेकर विपक्ष लामबंद है।