देश
सरसों की फसल के बीच यह शख्स कर रहा था अफीम की खेती, STF और NCB ने किया पर्दाफाश
- 103 Views
- March 09, 2020
- By admin
- in देश, समाचार
- 0 Comments
- Edit
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में अफीम की खेती करने का मामला प्रकाश में आया है. एसटीएफ (STF) यूनिट ने प्रयागराज के सोंराव थाना क्षेत्र के गांव मलाक पयागी से एक व्यक्ति को इस मामले में गिरफ्तार किया है. व्यक्ति का नाम मान सिंह पटेल है. मान सिंह पटेल पर आरोप है कि वह सरसों की फसल के बीच चोरी-छिपे अफीम की खेती भी कर रहा था.
4200 वर्ग फीट जमीन पर मिली अफीम की फसल
एसटीएफ प्रयागराज यूनिट के एडिशनल एसपी नीरज पांडे के मुताबिक कुछ दिनों से प्रयागराज के सोरांव थाना क्षेत्र में अवैध रूप से अफीम की खेती की जानकारी मिल रही थी. एसटीएफ की एक टीम ने मलाक पयागी गांव में मान सिंह पटेल के खेत पर छापा मारा तो करीब 4200 वर्ग फीट जमीन पर अफीम की फसल मिली. खेत को दूर से देखने पर लगता था कि इसमें सरसों की फसल है, लेकिन यह लोगों को भ्रम में रखने के लिए मान सिंह पटेल की चाल थी.
अफीम की अवैध खेती की पुष्टि होते ही एसटीएफ ने नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो को इसकी जानकारी दी. एनसीबी ने अफीम की फसल को खेत में ही नष्ट करवा दिया और एसटीएफ ने मान सिंह पटेल को गिरफ्तार कर लिया. एसटीएफ प्रयागराज यूनिट के एडिशनल एसपी नीरज पांडे ने बताया कि उत्तर प्रदेश में दो से अधिक पौधे लगाना दंडनीय अपराध है. सिर्फ चार जिलों बाराबंकी, गाजीपुर, बरेली और बदायूं में अफीम की खेती के लाइसेंस दिए गए हैं.