देश
बेरूत धमाकों में मारी गई बच्ची के बारे में कैसे फैला भ्रम
बेरूत धमाके की वजह से जान गंवाने वाले तकरीबन 200 लोगों में तीन साल की एक बच्ची अलेग्जेंड्रा नाजार भी शामिल है. पिता के कंधे पर बैठ कर लेबनान का झंडा लहराती इस बच्ची की तस्वीरें बेरूत ब्लास्ट के बाद से सोशल मीडिया पर लगातार शेयर की जा रही हैं.
घुंघराले बालों और चमकीली आंखों वाली इस बच्ची की दुखद मौत की खबर कई मीडिया वेबसाइट्स में आई हैं. इस बीच सोशल मीडिया पर इस बच्ची की पहचान से जुड़ा एक भ्रम फैलाने वाला दावा किया जा रहा है. एक म्यूजिक वीडियो में गाना गाती हुई एक दूसरी बच्ची को अलेग्जेंड्रा नाजार बताया जा रहा है. यह दूसरी बच्ची जिंदा है.
वीडियो में नजर आ रही बच्ची के परिवार के सदस्य कमर हैदर ने बताया है कि उसका नाम फातिमा अल जहरा अली हैदर है और वह एकदम ठीक है.
फेसबुक पर वीडियो शेयर करते हुए इसके साथ कैप्शन लिखा गया है, “अलेग्जेंड्रा नाजार जिसे धमाकों में जान गंवानी पड़ी…” ट्विटर पर इसे शेयर करते हुए लिखा गया है, “अलेग्जेंड्रा नाजार एक फरिश्ता थी, जिसकी लेबनान में हत्या कर दी गई.” फेसबुक पोस्ट का आर्काइव्ड वर्जन यहां देखा जा सकता है. इस तरह के दावों पर बहुत सारे लोग विश्वास कर रहे हैं. कोई “रेस्ट इन पीस” लिख रहा है तो कोई दुख जता रहा है.
दावे की पड़ताल
हमने इस वीडियो के साथ किए जा रहे दावे का पता लगाने के लिए इनविड टूल की मदद से वीडियो के कीफ्रेम्स निकाले. इन कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर हमें ट्विटर पर यह वीडियो मिला. जिस यूजर ने इसे शेयर किया है, उसने अंग्रेजी भाषा में कैप्शन लिखा है, जिसका हिंदी अनुवाद है- “लेबनान के एक फरिश्ते के नाम, दूसरे फरिश्ते फातिमा अल जहरा का गाया हुआ एक गीत.”
हमने पाया कि कमर ने इस मामले के बारे में अरबी भाषा में एक पोस्ट लिखा है. पोस्ट का हिंदी अनुवाद है, वायरल हो रहे वीडियो में नजर आ रही लड़की उनकी भतीजी फातिमा अल जहरा अली हैदर है और वह सही-सलामत है. कमर ने फेसबुक पर भारतीय समय के हिसाब से 10 अगस्त को दोपहर के करीब 1 बजे फातिमा का वीडियो भी शेयर किया. इस वीडियो में वह बेरूत धमाके पर बनाई गई अपनी एक ड्रॉइंग दिखा रही हैं.
एएफपी फैक्टचेक वेबसाइट ने भी इस दावे का खंडन किया है. हमने कमर हैदर से संपर्क करने की कोशिश की, पर खबर लिखे जाने तक उनसे हमारी बात नहीं हो पाई थी. अगर हमारा उनसे संपर्क हो जाता है, तो उनसे मिली जानकारियों को हम यहां अपडेट करेंगे.
अलेग्जेंड्रा नाजार की मौत से जुड़ी खबरें कई न्यूज वेबसाइट्स में छपी हैं. न्यूज वेबसाइट्स मेट्रो पर बताया गया है कि धमाके में घायल अलेग्जेंड्रा का इलाज तीन दिन चला, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका. कुल मिलाकर यह बात साफ है कि वायरल वीडियो में दिख रही लड़की अलेग्जेंड्रा नाजार नहीं, फातिमा अल जहरा अली हैदर है, जो सही-सलामत है.