राजनीति
ट्विटरवालों को लगता है किरण बेदी का LG बनना है जरूरी!
दिल्ली के अगले उप राज्यपाल के पद पर किसकी ताजपोशी होनी है, इसपर फैसले का हक सिर्फ और सिर्फ केंद्र सरकार के पास है. लेकिन नजीब जंग के इस्तीफे के बाद से ही सियासी हलकों में तमाम नाम तैरने लगे हैं. सोशल मीडिया पर भी लोग नए एलजी के नाम को लेकर संभावित उम्मीदवारों के बारे में अपनी राय रख रहे हैं. ट्विटर पर बीएस बस्सी और किरण बेदी जैसे नामों को उछालकर केजरीवाल सरकार का मजाक उड़ाया जा रहा है. किरण बेदी को अगला उप राज्यपाल बनाए जाने के समर्थन में ट्विटर पर #Bedi4DelhiLG ट्रेंड कर रहा है.
लोगों को लग रहा है कि अगर किरण बेदी को दिल्ली का अगला उप राज्यपाल बनाया जाए तो वो सीएम अरविंद केजरीवाल को सही जवाब दे सकती हैं जो आए दिन केंद्र की मोदी सरकार को कोसते रहते हैं. वैसे तो केजरीवाल सरकार का नजीब जंग से भी टकराव होता रहा और उप राज्यपाल पर मोदी सरकार के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया जाता रहा. दिल्ली सरकार बार-बार कहती रही कि मोदी सरकार उन्हें राष्ट्रीय राजधानी में कोई भी जनता के हित का काम करने में अड़ंगा डालती रही. ऐसे में अगर बेदी को दिल्ली का उप राज्यपाल बनाया जाता है तो केंद्र सरकार केजरीवाल सरकार को सही तरीके से काउंटर कर पाएगी.
ट्विटरवालों को लगता है कि बेदी की ईमानदारी को लेकर सवाल उठाना केजरीवाल के लिए आसान नहीं होगा. दिल्ली के सीएम केजरीवाल खुद को सबसे ईमानदार नेता बताते हैं. शायद यही वजह है कि दिल्ली की जनता ने उन्हें सिर आंखों पर लिया था. किरण बेदी का ट्रैक रिकॉर्ड भी साफ सुथरा रहा है. संयोग यह भी है कि दोनों ही अन्ना हजारे के ‘इंडिया अगेंस्ट करप्शन’ आंदोलन में साथ रहे हैं.
किरण बेदी की इमेज एक तेज-तर्रार आईपीएस अफसर के तौर पर रही है. ट्विटर पर इन्हें ‘लेडी सिंघम’ कहा जा रहा है. लोग मान रहे हैं कि अगर बेदी दिल्ली की उप राज्यपाल बनाई जाती हैं तो केजरीवाल के लिए दिल्ली में सुरक्षा और लॉ एंड ऑर्डर को लेकर सवाल उठाना भी मुश्किल होगा जो सीएम बनने के बाद केजरीवाल अक्सर करते रहते हैं. वो दिल्ली पुलिस को दिल्ली सरकार के कंट्रोल में दिए जाने की भी मांग करते रहे हैं.
किरण बेदी इस वक्त पुडुचेरी की उप राज्यपाल हैं. उन्हें इस पद पर रहते हुए 6-7 महीने हो गए हैं. वहां पर उनके कामों की चर्चा आए दिन होती रहती है. इस तरह उन्हें उप राज्यपाल के पद पर काम करने का भी अनुभव हो गया है. लोग इस वजह से भी उनका समर्थन कर रहे हैं. इसके अलावा किरण बेदी अगर दिल्ली की एलजी बनती हैं तो वो दिल्ली की पहली महिला एलजी होंगी. ऐसे में ट्विटर पर लोग मान रहे हैं कि दिल्ली और खासकर राष्ट्रीय राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर धारणा बदलने में मदद मिलेगी.