राजनीति
गिरफ्तार हो सकते हैं दो ‘आप’ विधायक, पेन ड्राइव में है धमकी और छेड़खानी के ‘सबूत’!
- 496 Views
- September 12, 2016
- By sochindia
- in राजनीति, समाचार
- 0 Comments
- Edit
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल आज गले की सर्जरी के लिए बेंगलुरू जाने वाले हैं. ऐसा हो सकता है कि उनकी गैर-मौजूदगी में उनके दो और विधायकों को दिल्ली पुलिस गिरफ्तार कर ले. छेड़खानी के आरोप में ओखला के विधायक अमानतुल्लाह पर एफआईआर दर्ज हो चुकी है. कल मालवीय नगर के विधायक सोमनाथ भारती पर भी एम्स की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने पर केस दर्ज हो गया. संभावित गिरफ्तारियों से पहले आप ने मोदी और दिल्ली पुलिस पर आरोप लगा दिया है.
पेन ड्राइव में है अमानतुल्लाह के खिलाफ सबूत
ओखला के विधायक अमानतुल्लाह पर साले की पत्नी ने छेड़खानी का आरोप लगाया है. महिला के आरोप सही हैं या गलत, ये तय होने से पहले ही दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने विधायक को क्लीन चिट दे दी है. सिसौदिया ने कहा है कि उन्हें पारिवारिक झगड़े के चलते गलत आरोपों में घसीटा जा रहा है. आम आदमी पार्टी ने अमानतुल्लाह का इस्तीफा नामंजूर कर दिया है.
शिकायतकर्ता महिला ने दिल्ली के साकेत कोर्ट में रविवार को 164 के तहत बयान दर्ज कराया. वहीं शिकायतकर्ता महिला के परिवार ने इस बात का भी खंडन किया है कि महिला का दो महीने पहले अपने पति के साथ तलाक हो चुका है.
पीड़ित महिला ने FIR में कहा, ‘मुझे अमानतुल्लाह पिछले डेढ़ साल से परेशान कर रहे है. उन्होंने मेरे साथ छेड़छाड़ भी की जिसके बारे में जब मैंने अपनी पति को अपनी आपबीती बताई तो मेरे पति ने भी मेरी मदद नहीं की. मेरे पति ने कहा कि अमानतुल्लाह जैसा कहते है करो. उनके हमारे ऊपर बहुत अहसान हैं.’ महिला का दावा है कि अमानतुल्लाह की छेड़खानी धमकी एक पेन ड्राइव में सेव है जो अमानतुल्लाह के खिलाफ बड़ा सबूत है. शिकायतकर्ता महिला का परिवार आज प्रेस कॉफ्रेंस कर सकता है.
इसे लेकर जामिया नगर थाने में मामला भी दर्ज हो चुका है. शनिवार को अमानतुल्लाह खान ने यह कहते हुए इस्तीफा दिया था कि वो काम करना चाहते हैं लेकिन उन्हें जानबूझकर विवादों में फंसाया जा रहा है. अमानतुल्लाह ने इन आरोपों पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा था कि उनके साले की पत्नी ने ग़लत आरोप लगाए हैं क्योंकि उनके साले का अपनी पत्नी से 4 सालों से कोई रिश्ता नाता नहीं है और न ही किसी तरह का कोई संपर्क है. हालांकि आरोप लगाने वाली महिला के परिवार के एक सदस्य की ओर से इस मामले में विधायक के खिलाफ सबूत के तौर पर एक सीडी दी गई है.
गिरफ्तारी की खबरों पर अमानतु्ल्लाह ने ट्विटर पर लिखा है, ‘मुझे दिल्ली पुलिस की कार्यशैली पर पूरा भरोसा है कि आज मुझे गिरफ्तार ज़रूर कर लेगी, भले ही गैंग रेप के आरोपी खुले आम घूम रहे हों.’
सोमनाथ भारती पर एम्स की दीवार तोड़ने का आरोप
आम आदमी पार्टी के विधायक और दिल्ली सरकार के पूर्व कानून मंत्री सोमनाथ भारती के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. सोमनाथ भारती और उनके समर्थकों पर एम्स के सुरक्षा गार्ड्स के साथ बदसलूकी का आरोप लगा है. घटना 9 सितंबर की है. एम्स की चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर की ओर से भेजी गई लिखित शिकायत के मुताबिक भारती ने भीड़ को जेसीबी के जरिए एम्स के बाउंड्री वॉल पर लगी फेंसिंग को हटाने के लिए उकसाया. वो कुछ अनाधिकृत लोगों को एम्स में दाखिल करवाना चाहते थे. शिकायत में कहा गया है कि सोमनाथ भारती और उनके समर्थकों ने वहां मौजूद सिक्योरिटी गार्डस के साथ बदतमीजी भी की.
एम्स के चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर की शिकायत पर पुलिस ने विधायक और उनके समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जेसीबी मशीन भी जब्त कर ली है. पुलिस के मुताबिक 6 गार्डों को चोट आई है. उनके बयान भी कोर्ट में दर्ज कराए जा रहे हैं. पुलिस इस मामले में विधायक और उनके समर्थकों को जल्दी ही गिरफ्तार करने का दावा कर रही है.
सोमनाथ भारती मालवीयनगर से विधायक हैं. सोमनाथ भारती से आरोपों को झूठा करार दिया है. भारती ने ट्वीट कर कहा, ‘एम्स झूठ बोल रहा है. वे गौतम नगर के निवासियों को जायज प्रवेश देने से इंकार कर रहे हैं. एम्स ने पीडब्ल्यूडी के साथ बैठकों से भी इंकार कर दिया. जहां कहीं भी आम आदमी को दिक्कत होगी मैं जाउंगा. निवासियों द्वारा दीवार गिराने का आरोप पूरी तरह झूठा है. मैं अदालत में लड़ूंगा.’
10 दिनों के लिए बेंगलुरू जा रहे हैं केजरीवाल
केजरीवाल की पार्टी विधायक संदीप कुमार के सेक्स स्कैंडल के आरोपों से उबरी भी नहीं है कि दो और विधायक दिल्ली पुलिस के फंदे तक पहुंच गए. सोमनाथ भारती पत्नी को परेशान करने के मामले में पहले भी पुलिस के चक्कर में फंस चुके हैं. अबकी बार आरोप है कि जनता के मुद्दे पर राजनीति का खामियाजा मिला है. दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल चार दिन तक पंजाब में रहने के बाद आज से 10 दिन के लिए बेंगलुरू जा रहे हैं. खांसी के लिए इलाज के लिए गले की सर्जरी कराने वाले हैं. वहां से 22 सितंबर को लौटने के बाद 26 सितंबर को तीन दिन के लिए गोवा चले जाएंगे जहां आप चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है.