राजनीति
अखिलेश सरकार को चिट्ठी लिखकर आजम ने पूछा, ‘मैं सरकार में हूं भी या नहीं?’
- 572 Views
- October 01, 2016
- By sochindia
- in राजनीति, समाचार
- 0 Comments
- Edit

लखनऊ। यूपी के कद्दावर मंत्री आजम खान नाराज हैं। उनकी ये नाराजगी अपनी ही सरकार से है क्योंकि यूपी सरकार के वकील ने सुप्रीम कोर्ट में बुलंदशहर गैंगरेप के मामले में आजम खान की तरफ से पेश होने से इनकार कर दिया है। इसके बाद आजम खान ने बेहद तल्ख लहजे में सरकार को खत लिखकर इशारों-इशारों में अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। सवाल उठ रहे हैं कि क्या अब सपा में अब आजम बनाम अखिलेश की जंग छिड़ गई है।
आजम खान ने अखिलेश सरकार से पूछा है कि वो सरकार में हैं या नहीं? सरकार उन्हें अपना हिस्सा मानती है या नहीं? आजम खान ने न्याय विभाग के मुख्य सचिव को लिखी चिट्ठी में इशारों-इशारों में यहां तक कह दिया है कि उनके खिलाफ एक सोची समझी साजिश की गई है। दरअसल बुलंदशहर गैंगरेप को लेकर आजम खान की टिप्पणी पर सुप्रीम कोर्ट ने नोटिस जारी किया था लेकिन आजम खान की तरफ से कोई वकील पेश नहीं हुआ। यहां तक कि यूपी सरकार के वकील ने भी पैरवी से इनकार कर दिया। आजम खान इसी बात से खफा हैं।
नाराज आजम खान ने अपनी चिट्ठी में लिखा है कि सुप्रीम कोर्ट में आपके द्वारा जानबूझकर जिस तरह से मुझे राष्ट्र की शीर्ष अदालत के सामने लज्जित करने की कार्रवाई की गई उसके बाद “प्रभावी पैरवी” का मैं क्या अर्थ लूं? जो कार्यवाही आपके स्तर पर पहले हो जानी चाहिए थी और मुझे सूचित किया जाना था, ऐसा न करने से लगता है उत्तर प्रदेश न्याय विभाग मुझे सरकार का हिस्सा नहीं मानता, आखिर किस मानसिकता की ओर इशारा करता है..मैं जानना चाहता हूं कि मेरी व्यक्तिगत प्रतिष्ठा को आघात पहुंचाने के बाद न्याय विभाग अब कौन सी “प्रभावी पैरवी” करना चाहता है।
आजम खान ने कहा कि मुख्य सचिव न्याय की बात है तो उनके पास चार नामों की सूची थी जिसमें दूसरे नंबर पर मेरा नाम था पर मेरे लिए कोई वकील भी नहीं था और मुझे नोटिस भी सर्व नहीं हुआ तो मैं तो बेकसूर हूं। मैं सुप्रीम कोर्ट को नाराज नहीं करना चाहता था तो जैसे ही मुझे पता चला तो मैंने खुद आगे आया। तो जब मुझे मालूम ही नहीं होगा तो फिर कैसे मैं कोर्ट में हाजिर हो पाऊंगा।
आजम खान ने अपनी चिट्ठी में तंज कसते हुए यहां तक लिखा है कि न्याय विभाग ने अब तक जो उन्हें सरकारी वकील उपलब्ध कराने की कृपा की है वो उसके लिए शुक्रगुजार हैं लेकिन अब उन्होंने अपना निजी वकील तय कर लिया है। जाहिर है आजम खान अखिलेश सरकार से बेहद खफा हैं और यही कारण है कि उन्होंने इतनी तल्खी भरी चिट्ठी लिखी। हालांकि पार्टी अब भी यही दिखाने की कोशिश कर रही है कि सब कुछ ठीक है। पार्टी प्रवक्ता जूही सिंह कहती हैं कि आजम सीनियर मंत्री हैं। उन्हें कुछ लगा होगा तभी बोला है।
खास बात ये है कि सुप्रीम कोर्ट से नोटिस मिलने के बावजूद आजम ख़ान ने अपनी इस ताजा चिट्ठी में भी बुलंदशहर की घटना को तथाकथित गैंगरेप ही करार दिया है यानि आजम खान अब भी इस गैंगरेप को संदेह की नजर से देख रहे हैं। यही कारण है कि विपक्ष आजम खान पर निशाना साध रहा है। बीजेपी प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक ने कहा कि इस मामले में पूरी एसपी अलग-थलग पड़ गई है।
(आजम खान की इस तल्खी भरी चिट्ठी के बाद सवाल ये है कि क्या अखिलेश यादव के इशारे पर आजम खान के विवादित बयान और सुप्रीम कोर्ट में मामले से यूपी सरकार ने किनारा किया है और क्या शिवपाल यादव बनाम अखिलेश के बाद अब यूपी में आजम खान बनाम अखिलेश यादव की सियासी जंग शुरू हुई है? आईबीएन7 के खास शो दंगल में इसी मुद्दे पर चर्चा हुई जिसमें शामिल हुए समाजवादी पार्टी की प्रवक्ता जूही सिंह, बीएसपी के नेता डॉ एमएच खान, बीजेपी के प्रवक्ता मनीष शुक्ला और कांग्रेस से राजीव त्यागी। चर्चा देखने के लिए वीडियो देखें।)
Service Unavailable
The server is temporarily unable to service your request due to maintenance downtime or capacity problems. Please try again later.
Additionally, a 503 Service Unavailable error was encountered while trying to use an ErrorDocument to handle the request.