Sanah Kapoor Wedding: बहन सना की विदाई पर भावुक हुए शाहिद कपूर, बोले- तुम कितनी जल्दी बड़ी हो गई
बॉलीवुड अभिनेता शाहिद कपूर ने अपनी बहन सना कपूर को शादी की बधाई दी है। सना अभिनेता पंकज कपूर और सुप्रिया पाठक की बेटी हैं और उन्होंने बुधवार को महाबलेश्वर में अभिनेता सीमा पाहवा और मनोज पाहवा के बेटे मयंक पाहवा से शादी की। शाहिद ने सना की शादी के मौके से अपनी और उनकी एक तस्वीर साझा करते हुए अपनी बहन के लिए एक नोट लिखा। इन दोनों भाई-बहन ने 2015 में आई फिल्म ‘शानदार’ में एक साथ अभिनय किया था।
अभिनेता ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर अपनी बहन सना के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा,”समय कितनी जल्दी बीत जाता है देखिए न हमारी छोटी सी बिट्टो आज दुल्हन बन गई। तुम बहुत जल्दी बड़ी हो गई हो मेरी प्यारी सी छोटी बहन….यह तुम्हारे एक नए सफर की इमोशनल शुरुआत है। प्यारे मयंक और सना आप दोनों हमेशा खुश और साथ रहें। दोनों को बहुत-बहुत बधाई।” इस तस्वीर में साफ दिख रहा है कि शाहिद अपनी बहन के लिए बहुत खुश हैं। वह इस तस्वीर में एक ब्लैक कुर्ते और मैचिंग जैकेट पहने हुए हैं, तो वहीं सना अपने ब्राइडल लुक में ग्लो कर रही हैं। दोनों इस मोमेंट को एंजॉय कर रहे हैं।