राजनीति
मिशन यूपी के लिए कांग्रेस की खाट पंचायत की रणनीति, आज से 25 दिन की किसान यात्रा पर राहुल गांधी
- 439 Views
- September 06, 2016
- By sochindia
- in राजनीति, समाचार
- 0 Comments
- Edit
राहुल गांधी खाट पंचायत के दौरान जनता से सीधा संवाद करेंगे
यूपी में अपनी पार्टी का 27 साल से चल रहा वनवास खत्म करने की कोशिश में जुटे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी मंगलवार को पूर्वांचल के देवरिया जिले से 25 दिनों की किसान यात्रा पर निकलेंगे. राहुल गांधी ने इस बार खाट पंचायत की रणनीति बनाई है. राहुल रुद्रपुर के दूधनाथ बाबा मंदिर मैदान में खाट पंचायत के दौरान जनता से सीधे संवाद करेंगे.
राहुल ने कहा है कि देवरिया से दिल्ली तक 2500 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली इस यात्रा का लक्ष्य सरकारी संसाधनों में गरीबों किसानों और मजदूरों के अधिकारों को सुरक्षित करना है. कांग्रेस की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार राहुल की किसान यात्रा देवरिया जिले के पंचलारी कृतपुरा गांव से शुरू होगी और हर-घर तक पहुंच कर किसानों का मांग पत्र इकट्ठे करेगी.
यात्रा के दौरान किसानों से सीधा संवाद कायम करने के लिए खाट पंचायतों का आयोजन किया जाएगा. यह कार्यक्रम बहुत कुछ वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान बीजेपी के ‘चाय पर चर्चा’ कार्यक्रम की तर्ज पर होगा. कांग्रेस उपाध्यक्ष अपनी इस यात्रा के दौरान कई इलाकों में रोड शो का भी आयोजन करेंगे.
यह किसान यात्रा पहले दो दिन के दौरान देवरिया के अलावा कुशीनगर गोरखपुर संतकबीर नगर और बस्ती के विभिन्न इलाकों से गुजरेगी.