देश
9 किमी लंबे रोड शो के बाद कमलम पहुंचे, पहली बार कार्यकर्ताओं ने पहनी केसरिया टोपी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 11 और 12 मार्च को गुजरात का दो दिवसीय दौरा चल रहा है। एयरपोर्ट 9 किमी लंबे रोड शो के बाद पीएम मोदी BJP ऑफिस कमलम में मीटिंग के लिए पहुंचे और अब सरपंच सम्मेलन को संबोधित कर रहे हैं। इसमें करीब डेढ़ लाख लोग शामिल हैं।
बता दें, कोरोना काल के बाद यह पहला मौका है, जब मोदी गुजरात में किसी बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं। 4 राज्यों उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा की जीत के बाद गुजरात में बीजेपी कार्यकर्ताओं का जोश चरम पर दिखाई दे रहा है।
सरपंचों को गुजराती भाषा में संबोधित करते हुए मोदी ने कहा – केम छो (कैसे हो?) इसके बाद उन्होंने विशेष रूप से गांव के लोगों का अभिनंदन किया और कोरोना काल में गांववालों की जज्बे की तारीफ करते हुए कहा – दुनिया में इतनी जबर्दस्त महामारी कोरोना आई, जिसने पूरी दुनिया की हालत खराब कर दी। अन्य जगहों की तरह कोरोना गुजरात के भी गांव-गांव तक पहुंचा, लेकिन गांववालों से कोरोना जीत नहीं सका।
क्योंकि, गांव वालों ने इससे लड़ने के लिए खुद नए-नए नियम बनाए। इसके लिए मैं गांववालों का बहुत-बहुत अभिनंदन करता हूं। गांववालों ने इस दौरान भी खेती-किसानी की और पूरे देश के लिए अनाज उगाया। इसके लिए मैं माताओं-बहनों का भी विशेष रूप से अभिनंदन करता हूं कि उन्होंने इस संकट की घड़ी में अपने परिवार की देखरेख के साथ पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर हर काम में उनका सहयोग किया।