खेल
पीवी सिंधु मेडल से एक जीत दूर, क्वार्टर फाइनल में चौथी सीड जापानी खिलाड़ी को हराया; हॉकी में भारत ने जापान पर ली 2-0 की बढ़त
भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु टोक्यो ओलिंपिक में महिला सिंगल्स के सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में चौथी सीड जापान की अकाने यामागूची को 21-13, 22-20 से हरा दिया। यह मैच 56 मिनट तक चला। सिंधु लगातार दूसरे ओलिंपिक में मेडल जीतने से अब सिर्फ एक जीत की दूरी पर हैं। रियो ओलिंपिक में उन्होंने सिल्वर मेडल जीता था। सिंधु और यामागूची के बीच यह अब तक की 19वीं भिड़ंत थी। इसमें सिंधु ने 12वीं बार जीत हासिल की है। मैच के दौरान यामागूची पांच बार कोर्ट पर गिरीं। इस समय भारत और जापान के बीच पुरुष हॉकी का ग्रुप मुकाबला चल रहा है। दूसरे क्वार्टर में भारत ने 2-0 की बढ़त हासिल कर ली है।
इससे पहले दिन की शुरुआत में भारत के लिए शानदार खबर आई। महिला मुक्केबाज लवलिना बोरगोहेन ने 69 किलोग्राम वेट कैटेगरी के सेमीफाइनल में जगह बनाकर देश के लिए एक और मेडल पक्का कर दिया है। हालांकि, एक अन्य महिला मुक्केबाज सिमरनजीत कौर 60 किलोग्राम वेट कैटेगरी में हारकर बाहर हो गई हैं। दूसरी ओर तीरंदाज दीपिका कुमारी क्वार्टर फाइनल मुकाबला हारकर मेडल की होड़ से बाहर हो गई हैं।
महिला हॉकी ने आयरलैंड को 1-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीद कायम रखी है। शनिवार को भारत का सामना साउथ अफ्रीका से होगा। इसके बाद तय होगा कि महिला हॉकी टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंचती है या नहीं।
लवलिना बोरगोहेन ने क्वार्टर फाइनल में चाइनीज ताइपे की चिन निएन चेन को हराया। तीनों राउंड में लवलिना ने प्रतिद्वंद्वी मुक्केबाज को टिकने नहीं दिया। पहले राउंड में 5 में से 3 जजों ने लवलिना के पक्ष में फैसला सुनाया है। दूसरे राउंड में सभी 5 जजों ने लवलिना को विजेता पाया। तीसरे राउंड में 4 जजों ने लवलिना को बेहतर बताया। इस तरह लवलिना ने 4-1 से मुकाबला जीता। बॉक्सिंग में सेमीफाइनल में पहुंचते ही मेडल पक्का हो जाता है। लवलिना का सेमीफाइनल मुकाबला 2019 की वर्ल्ड चैंपियन तुर्की की बुसेनाज सुरमेनेली से होगा। वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने इस ओलिंपिक में भारत के लिए पहला मेडल जीता है। उन्होंने सिल्वर मेडल अपने नाम किया है।
लवलिना ओलिंपिक में मेडल जीतने वाली भारत की दूसरी भारतीय महिला मुक्केबाज बन गई हैं। उनसे पहले एमसी मेरीकॉम ने 2012 लंदन ओलिंपिक में ब्रॉन्ज जीता था। पुरुष-महिला मिलाकर लवलिना बॉक्सिंग में ओलिंपिक मेडल जीतने वालीं तीसरी भारतीय हैं। पुरुषों में विजेंदर सिंह ने 2008 बीजिंग ओलिंपिक में ब्रॉन्ज जीता था।
Service Unavailable
The server is temporarily unable to service your request due to maintenance downtime or capacity problems. Please try again later.
Additionally, a 503 Service Unavailable error was encountered while trying to use an ErrorDocument to handle the request.