देश
केंद्र ने जारी की ‘कूड़ा मुक्त’ शहरों की रेटिंग, इंदौर-मैसूर को फाइव स्टार
- 54 Views
- May 19, 2020
- By admin
- in देश, समाचार
- 0 Comments
- Edit
केंद्र सरकार की ओर से मंगलवार को देश के कूड़ा मुक्त शहरों की रेटिंग जारी की गई. केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने राजधानी दिल्ली में इन रेटिंग को जारी किया, जिनमें देश के पांच बड़े शहरों को फाइव स्टार रेटिंग मिली है. इसमें छत्तीसगढ़ का अंबिकापुर, गुजरात का राजकोट, कर्नाटक का मैसूर भी शामिल है.
नई दिल्ली में कूड़ा मुक्त शहरों की लिस्ट जारी करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में सफाई का ध्यान रखना काफी जरूरी है, क्योंकि इससे वातावरण को शुद्ध रखने में सहायता मिलती है.
जिन पांच शहरों को फाइव स्टार रेटिंग मिली है,
• अंबिकापुर, छत्तीसगढ़
• राजकोट, गुजरात
• मैसूर, कर्नाटक
• इंदौर, मध्य प्रदेश
• नवी मुंबई, महाराष्ट्र
इन शहरों के अलावा देश के करीब 70 शहरों को वन स्टार रेटिंग से नवाज़ा गया है. वहीं, दिल्ली, अहमदाबाद जैसे शहरों का नाम थ्री स्टार रेटिंग में आया है.
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मंत्रालय द्वारा जो गाइडलाइन जारी की गई थीं, उनका लगभग हर शहर ने पालन किया है. ऐसे में काफी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए इन लिस्ट को फाइनल किया गया है.
हरदीप पुरी यहां बोले कि स्वच्छ, स्वस्थ, सशख्त और सम्पन्न आत्मनिर्भर भारत बनाने में इस तरह शहरों के द्वारा योगदान देना काफी अहम हैं. हर शहर और गांव की अपनी एक भूमिका है, जिसे निभाना है.
बता दें कि इस लिस्ट में शहरों को अलग-अलग पैमाने पर मापा गया, जिसमें रोजाना सफाई, सिंगल प्लास्टिक यूज़ पर बैन, नालों की सफाई, वेस्ट मैनेजमेंट जैसे कई पहलूओं को शामिल किया गया था. इन्हीं आधार पर अलग-अलग शहरों को रेटिंग दी गई है. स्वच्छ भारत अभियान के तहत भी देश के हर शहर, गांव और कस्बों को मापा जाता है और हर साल सबसे स्वच्छ शहर का ऐलान किया जाता है.