खेल
जिम्बाब्वे को क्लीन स्वीप करने के इरादे से उतरेगी टीम इंडिया
- 199 Views
- June 15, 2016
- By admin
- in खेल, समाचार
- 0 Comments
- Edit
जिम्बाब्वे को क्लीन स्वीप करने के इरादे से उतरेगी टीम इंडिया
हरारे: श्रृंखला जीत चुकी भारतीय टीम कल तीसरे और आखिरी एक दिवसीय क्रिकेट मैच में जिम्बाब्वे को हराकर क्लीन स्वीप करने के इरादे से उतरेगी और इस मैच में कुछ और युवाओं को मौका दिया जा सकता है। दो आसान जीत के बाद कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अंतिम एकादश में बदलाव के संकेत दिए थे । मेजबान टीम सिताराहीन भारतीय टीम के सामने कहीं टिक नहीं सकी । अभी तक श्रृंखला एकतरफा रही है और दोनों ओर के प्रशंसकों को रोमांचक मुकाबले की उम्मीद होगी । इसके बाद हरारे स्पोर्ट्स क्लब पर ही तीन टी20 मैच खेले जाएंगे ।
भारत अगर कल जीतता है तो 2013 और 2015 के बाद यह जिम्बाब्वे के खिलाफ लगातार तीसरा क्लीन स्वीप होगा । कप्तान धोनी के अनुसार भारतीय बल्लेबाजी क्रम में बदलाव देखने को मिल सकते हैं क्योंकि अभी तक सिर्फ शीर्ष 3 बल्लेबाजों को क्रीज पर समय मिला है । सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल ने पहले ही मैच में शतक जमाया । उन्हें और तीसरे नंबर पर उतरने वाले अंबाती रायुडू को आराम दिया जा सकता है। दोनों अभी तक काफी बल्लेबाजी कर चुके हैं । उनकी जगह फैज फजल को करूण नायर के साथ पारी की शुरूआत करने उतारा जा सकता है । फजल ने 68 गेंद में 39 रन बनाए थे । रायुडू की जगह मनदीप सिंह ले सकते हैं जिन्हें 16 सदस्यीय टीम में फजल के साथ चुना गया था ।