जनमंच: काम अटकाने पर भड़के मंत्री भारद्वाज, विधायक जवाहर खुद बन गए फरियादी
विस्तार
राजधानी शिमला के रिज मैदान पर हुए जनमंच कार्यक्रम में लोगों ने कई शिकायतें कीं और कई मांगें उठाईं। एंबुलेंस रोड में वन विभाग के अड़ंगा अटकाने की एक शिकायत पर शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने अफसरों को कड़ी फटकार लगाई। काम अटकाने पर भड़के मंत्री ने कहा कि विभाग ने तमाशा बना रखा है।
कोई काम नहीं होने दे रहे हैं। इस मामले में एक हफ्ते में रिपोर्ट दी जाए। यदि ऐसे ही काम अटकाएंगे तो अगली बार पीसीसीएफ को जनमंच में खड़ा करेंगे। जनमंच में कुफ्टाधार निवासी एचआर शर्मा ने शिकायत दी कि एंबुलेंस रोड बनाने के काम में वन विभाग अड़ंगा डाल रहा है। सालों पहले कटी डीआर का हवाला देकर काम नहीं होने दिया जा रहा। सुप्रीम कोर्ट ने भी एक अन्य सड़क की मंजूरी इस वार्ड में दी थी, उसे भी विभाग ने रद्द कर दिया। वहीं, मंत्री की फटकार के डर से एक दर्जन शिकायतें पहले ही निपटा दी गईं।