देश
कैराना के अजीम मंसूरी पहुंचे थाने, बोले- ‘2 फुट लंबाई के चलते नहीं हो रही शादी, रातों को नहीं आती नींद, ढूंढकर दें दुलहनियां’
शामली
अजीम मंसूरी शादी करना चाहते हैं। बहुत ढूंढने के बाद भी जब उन्हें दुलहन नहीं मिली तो वह थाने पहुंच गए। थाने में उन्होंने पुलिसवालों से शादी करवाने की गुहार लगाई है। 26 साल के अजीम का कहना है कि जब भी उनके घर में कोई शादी का रिश्ता लेकर आकर उन्हें देखकर लौट जाता है। उनका परिवार भी उनकी शादी कराने का कोई प्रयास नहीं कर रहा है। कारण है उनका कद, जो सिर्फ 2 फीट के हैं।
अजीम ने कहा कि एक पब्लिक सर्वेंट होने के नाते पुलिस उनकी मदद करे। उत्तर प्रदेश के शामली में रहने वाले अजीम का घर कैराना इलाके में है। वह एक कॉस्मेटिक शॉप चलाते हैं। उन्होंने कहा कि व पर्याप्त कमाते हैं। फिर भी उनकी शादी नहीं हो रही है।
पांचवीं के बाद छोड़ी पढ़ाई
अजीम छह भाई-बहनों में सबसे छोटे हैं। उन्होंने कहा कि जब वह पांचवीं में पढ़ते थे तो उनके कद को लेकर लोग मजाक उड़ाते थे। एक दिन स्कूल में हद हो गई, वह परेशान हो गए और पढ़ाई छोड़ दी।
उसके बाद वह अपने एक भाई के साथ कॉस्मेटिक शॉप में बैठने लगे। उनके पिता एक सामाजिक कार्यकर्ता हैं। अजीम ने बताया कि जब वह 21 साल का हुआ, तो उसके माता-पिता ने उसके लिए दुलहन ढूंढनी शुरू की।
अजीम को देखकर लौट जाता है रिश्ता
अजीम के बहनोई कासिम ने कहा हम बहुत कोशिश करते हैं। रिश्ते आते हैं लेकिन अजीम की हाइट के कारण लोग रिश्ता ठुकराकर चले जाते हैं। अजीम ने कहा कि उन्हें दुलहन चाहिए। वह तनाव के कारण रातभर सो नहीं पाते हैं।
उन्होंने कहा, ‘मैं इतने लंबे समय से कोशिश कर रहा हूं। क्या कोई ऐसा नहीं है जिसके साथ मैं अपना जीवन गुजार सकूं। अब मैं पब्लिक सर्वेंट पुलिस से मदद मांगने आया हूं।’