देश
काबुल एयरपोर्ट पर नाकाम हमले की तस्वीरें सामने आईं; कार से फायर किए जा रहे थे रॉकेट, अमेरिकी डिफेंस सिस्टम ने उड़ाया
काबुल में नई जंग की शुरुआत हो चुकी है। सोमवार सुबह काबुल एयरपोर्ट की तरफ पांच रॉकेट दागे गए, जिन्हें अमेरिकी मिसाइल सिस्टम ने नष्ट कर दिया। माना जा रहा है कि यह आतंकी संगठन ISIS-K की तरफ से अमेरिका को जवाब था, जिसने बीते तीन दिनों में इस संगठन पर दो हमले किए हैं। हालांकि अभी तक इस बारे कोई अधिकारिक बयान नहीं आया है कि यह रॉकेट किसने लॉन्च किए।
इससे पहले गुरुवार को काबुल एयरपोर्ट पर खुरासान प्रांत के इस्लामिक स्टेट (ISIS-K) आतंकी संगठन ने फिदायीन हमला किया था। इसमें 13 अमेरिकी सैनिक और 150 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद अमेरिका ने शुक्रवार को नंगरहार में ISIS-K के ठिकानों पर हमला किया और रविवार को काबुल में संगठन के आत्मघाती हमलावरों को निशाना बनाया।
व्हाइट हाउस ने की हमले की पुष्टि
काबुल एयरपोर्ट की तरफ सोमवार सुबह दागे गए 5 रॉकेट को अमेरिकी डिफेंस सिस्टम ने नष्ट कर दिया। इस हमले की पुष्टि व्हाइट हाउस ने कर दी है। प्रेस सेक्रेटरी जेन साकी ने कहा कि नेशनल सिक्योरिटी एडवाइजर जेक सलीवन और चीफ ऑफ स्टाफ रॉन क्लेन ने राष्ट्रपति जो बाइडेन को इस हमले की सूचना दी है।
राष्ट्रपति को यह भी बताया गया है कि काबुल एयरपोर्ट पर चल रहे अभियान को जारी रखा जाएगा। राष्ट्रपति ने भी अपने आदेश को दोहराया है कि ग्राउंड पर मौजूद अमेरिकी सेना की सुरक्षा पुख्ता करने के लिए जो भी कार्रवाई जरूरी हो वह की जाए।